Guwa (Sandeep Gupta) गुवा सेल खदान क्षेत्र में सेल प्रबंधन द्वारा कर्मियों के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू किए जाने के प्रस्ताव का संयुक्त यूनियनों के विरोध के बाद फिलहाल मामला स्थगित कर दिया गया है। यूनियनों का कहना है कि बायोमेट्रिक लागू करने से संबंधित मामला वर्तमान में जिला न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए न्यायालय का निर्णय आने से पूर्व इसे लागू करना असंवैधानिक होगा। इस मुद्दे को लेकर गुवा की विभिन्न यूनियनों—झारखंड मजदूर संघर्ष संघ, बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन (इंटक), सप्लाई मजदूर संघ, तथा झारखंड मजदूर मोर्चा—ने संयुक्त रूप से आंदोलन शुरू कर दिया था। आंदोलन के कारण उत्पादन कार्य भी प्रभावित हुआ।
बाद में प्रबंधन, यूनियनों और संबंधित पक्षों के बीच लंबी त्रिपक्षीय वार्ता हुई, जिसमें यह सहमति बनी कि जिला न्यायालय का फैसला आने तक सेल में बायोमेट्रिक प्रणाली लागू नहीं की जाएगी। इस समझौते के बाद आंदोलन समाप्त कर दिया गया। समझौते के उपरांत बुधवार देर शाम झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के यूनियन कार्यालय में संयुक्त यूनियनों एवं मजदूरों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में यूनियन नेताओं ने कहा कि यह सफलता मजदूरों की एकता का परिणाम है। उन्होंने मजदूरों से अपील की कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए सभी एकजुट होकर संघर्ष करें, सफलता अवश्य मिलेगी। बैठक में अंतर्यामी महाकुड़, सिकंदर पान, विश्वजीत तांती, राजेश कोड़ा, पंचम जॉर्ज सोय, बबलू चाम्पिया, रितेश पाणिग्राही, सहित समेत बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित थे।



No comments:
Post a Comment