Upgrade Jharkhand News. आज झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला समिति, सरायकेला-खरसावां द्वारा आयोजित बीएलए-2 प्रशिक्षण सह कार्यशाला एवं संगठन सुदृढ़ीकरण कार्यक्रम सरायकेला टाउन हॉल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य रूप से विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) के संबंध में मतदाताओं के बीच जागरूकता बढ़ाने तथा बीएलए-2 कार्यकर्ताओं को उनके दायित्वों एवं भूमिका के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पाण्डेय ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि बीएलए-2 कार्यकर्ताओं की भूमिका निर्वाचन प्रक्रिया में अत्यंत महत्वपूर्ण है और प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में सकारात्मक योगदान देना चाहिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान मतदाताओं के बीच जाकर उन्हें आवश्यक जानकारी प्रदान करें तथा यह सुनिश्चित करें कि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो और किसी भी प्रकार की त्रुटि का समय पर निराकरण किया जा सके। उन्होंने कहा कि मतदाता जागरूकता लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है और इसमें राजनीतिक कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता, अनुशासन एवं जनसंपर्क पर आधारित होती है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यशाला के दौरान बीएलए-2 कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया, आवश्यक प्रपत्रों, पात्र मतदाताओं के पंजीकरण, संशोधन एवं विलोपन संबंधी प्रक्रियाओं तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता अभियान चलाने एवं नागरिकों को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार का विस्तार भी हुआ। आदित्यपुर क्षेत्र से के.पी. सोरेन, खरसावां से बीरबल सरदार तथा सरायकेला क्षेत्र से श्रीमती सुनिला सुतार के साथ सैकड़ों कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने झारखंड मुक्ति मोर्चा की सदस्यता ग्रहण की। केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पाण्डेय एवं उपस्थित नेताओं ने सभी नवप्रवेशी साथियों का पार्टी का पट्टा पहनाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, मतदाता जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। मौके पर सांसद श्रीमती जोबा माझी, विधायक श्रीमती सविता महतो, विधायक दशरथ गागराई, जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो, जिला सचिव श्री बैद्यनाथ टुडू, केंद्रीय सदस्य गणेश चौधरी, गणेश महाली, सुधीर महतो, गुरुचरण किस्कू, चारु चांद किस्कू, कृष्णा बास्के, काबलू महतो, सुधीर किस्कू, श्रीमती रानी हेम्ब्रम, ओम प्रकाश लायक सहित जिला, प्रखंड, नगर, पंचायत, बूथ समिति के पदाधिकारी, बीएलए-2 एवं सरायकेला, खरसावां एवं ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे।






No comments:
Post a Comment