Guwa (Sandeep Gupta) कक्षा आठवीं के छात्र-छात्राओं की प्री-बोर्ड परीक्षा को लेकर गुवा सेल प्रबंधन एवं टाटा स्टील नोवामुंडी ने सीएसआर के तहत विशेष परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराई। गुवा सेल प्रबंधन ने दो बसें, जबकि टाटा स्टील नोवामुंडी ने एक बस एवं एक विंगर उपलब्ध कराया। इन वाहनों से मिडिल स्कूल गुवा, राजकीय मध्य विद्यालय गुवासाई तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय नुईया के कुल 226 छात्र-छात्राओं को चाईबासा स्थित परीक्षा केंद्र के लिए रवाना किया गया। तीनों विद्यालयों का प्री-बोर्ड परीक्षा केंद्र चाईबासा निर्धारित होने के कारण छात्र-छात्राओं के आवागमन में कठिनाइयों की आशंका थी। इसे देखते हुए पूर्व सांसद गीता कोड़ा, नोवामुंडी भाग-1 की जिला परिषद सदस्य सुश्री देवकी कुमारी तथा झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे के अथक प्रयास से गुवा सेल प्रबंधन एवं टाटा स्टील प्रबंधन ने विद्यार्थियों के लिए परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई।
इस पहल में पश्चिमी पंचायत की मुखिया पद्मिनी लागुरी, पूर्वी पंचायत की मुखिया चांदमनी लागुरी, बाल अधिकार मंच के पदमा केसरी तथा एस्पायर संस्था के कृष्णा गोप का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। मंगलवार सुबह करीब छह बजे तीनों विद्यालयों के 226 छात्र-छात्राएं बसों एवं विंगर में सवार होकर चाईबासा के लिए रवाना हुए। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य सुश्री देवकी कुमारी, जेएसएलपीएस की जेंडर सीआरपी गीता देवी, ममता देवी, तीनों विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
सभी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। अभिभावकों एवं शिक्षकों ने गुवा सेल प्रबंधन, टाटा स्टील नोवामुंडी तथा इस पहल में सहयोग करने वाले जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समय पर वाहन उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बिना किसी परेशानी के परीक्षा केंद्र पहुंचने में सुविधा मिली, जिससे वे पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में शामिल हो सके।


No comments:
Post a Comment