Guwa (Sandeep Gupta) बैंक ऑफ बड़ौदा के स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को पश्चिमी सिंहभूम के गांवगुटू स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय में अध्ययनरत 75 विद्यार्थियों के बीच कलम और कॉपी का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना तथा बैंक की सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करना था। कार्यक्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा, बड़ाजामदा शाखा के शाखा प्रबंधक राजीव रंजन, ग्राहक सेवा सहायक उत्तम कुमार लागूरी, बैंक कर्मचारी घनश्याम लागूरी, झामुमो जिला सदस्य रिमू बहादुर, शंकर बोबोंगा, विद्यालय की प्रधान शिक्षिका रिंकी गागराई, माला ठाकुर सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर शाखा प्रबंधक राजीव रंजन ने बताया कि बैंक ऑफ बड़ौदा देश के प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में से एक है। इसकी स्थापना 20 जुलाई 1908 को महाराजा सयाजीराव गायकवाड़ तृतीय द्वारा की गई थी। बैंक का मुख्यालय वडोदरा (गुजरात) में स्थित है और यह अपने ग्राहकों को बचत खाता, सावधि जमा, व्यक्तिगत ऋण तथा डिजिटल बैंकिंग सहित विभिन्न आधुनिक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराता है।
उन्होंने कहा कि बड़ाजामदा में बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा खुलने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं मिल रही हैं और भविष्य में भी ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाती रहेंगी। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने अध्ययन सामग्री प्राप्त कर खुशी व्यक्त की।

No comments:
Post a Comment