Guwa (Sandeep Gupta) किरीबुरू शहर के प्रोस्पेक्टिंग चौक स्थित नोबो पुथाल की दुकान में मंगलवार-बुधवार (21/22 जुलाई) की मध्यरात्रि चोरों ने धावा बोलकर कैश बॉक्स चोरी कर लिया। घटना रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। दुकान संचालक नोबो पुथाल ने बताया कि चोरों ने लोहे के औजार की मदद से दुकान के साइड दरवाजे में लगे ताले और कुंडी को उखाड़ दिया। इसके बाद वे दुकान के अंदर घुसे और कैश बॉक्स लेकर फरार हो गए। कैश बॉक्स में कितनी नकदी थी, इसका अभी सही आकलन नहीं हो सका है। हालांकि दुकान में रखे खाने-पीने के अन्य सामान सुरक्षित मिले और उनकी चोरी नहीं की गई।
बताया जा रहा है कि घटना के समय इलाके में तेज बारिश हो रही थी, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। दुकान के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में दो संदिग्ध युवक हाथ में लोहे का सरिया लिए दुकान की ओर जाते तथा कुछ मिनट बाद वहां से भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि सीसीटीवी फुटेज पुलिस के लिए अहम सुराग साबित होगा और इसके आधार पर आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की जा सकेगी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

No comments:
Post a Comment