Guwa (Sandeep Gupta) आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली जिले स्थित Synergene Active Ingredients Pvt. Ltd. में 23 अगस्त 2024 की मध्यरात्रि हुए भीषण औद्योगिक विस्फोट में पश्चिम सिंहभूम जिले के तीन परिवार प्रभावित हुए थे। हादसे में गोइलकेरा प्रखंड के दो श्रमिकों के साथ गंगदा पंचायत के चलपागड़ा गांव निवासी ओयबोन कोड़ाह गंभीर रूप से घायल हुए थे। इलाज के दौरान 5 सितंबर 2024 को उनकी भी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि इसी हादसे में मृतक लाल सिंह पूर्ति और रोया अंगरिया के आश्रितों को कंपनी द्वारा एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया, जबकि ओयबोन कोड़ाह के परिवार को आज तक कोई मुआवजा नहीं मिला। परिवार कई बार झारखंड से आंध्र प्रदेश जाकर कंपनी और संबंधित सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगा चुका है, लेकिन अब तक उन्हें केवल आश्वासन ही मिला है।
इस मामले को लेकर गंगदा पंचायत के मुखिया सुखराम उर्फ राजू सांडिल ने पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। ज्ञापन में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, आंध्र प्रदेश प्रशासन और संबंधित कंपनी से समन्वय स्थापित कर लंबित मुआवजा दिलाने, राज्य सरकार के माध्यम से पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने तथा यदि किसी स्तर पर लापरवाही या जानबूझकर विलंब हुआ है तो दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की गई है।
ओयबोन कोड़ाह के निधन के बाद परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहा है। उनकी एक छोटी बेटी है, जबकि पत्नी पहले ही घर छोड़ चुकी है। बच्ची का पालन-पोषण उसके दादा गुरुचरण कोड़ाह और दादी शुरू कुई कर रहे हैं, जो बेहद गरीब हैं। परिवार का कहना है कि जब एक ही हादसे में मृत अन्य श्रमिकों के आश्रितों को मुआवजा मिल चुका है, तो ओयबोन कोड़ाह के परिवार को इससे वंचित रखना न्यायसंगत नहीं है। अब पीड़ित परिवार को पश्चिमी सिंहभूम प्रशासन और झारखंड सरकार के हस्तक्षेप से न्याय और मुआवजा मिलने की उम्मीद है।



No comments:
Post a Comment