Guwa (Sandeep Gupta) ट्रेड यूनियन सीटू किरीबुरू के पदाधिकारियों, सेल कर्मियों और छात्रों ने किरीबुरू स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर चौक पर पर्यावरण कार्यकर्ता एवं शिक्षा सुधार के पक्षधर सोनम वांगचुक की रिहाई की मांग को लेकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सोनम वांगचुक लंबे समय से लद्दाख में पर्यावरण संरक्षण, संवैधानिक अधिकारों और स्थानीय लोगों के हितों की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं। उनका कहना था कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण विरोध और अपनी बात रखने का अधिकार प्रत्येक नागरिक को है, इसलिए उन्हें अविलंब रिहा किया जाना चाहिए।
वक्ताओं ने कहा कि सोनम वांगचुक लद्दाख को संविधान की छठी अनुसूची के तहत संरक्षण, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार, पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखने की मांग को लेकर लगातार अभियान चला रहे हैं। जलवायु परिवर्तन और हिमालयी क्षेत्रों में अंधाधुंध विकास के खिलाफ उनके आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक समर्थन मिला है। प्रदर्शन में सीटू के मंजीत सिंह, गणपत शर्मा, मिथलेश कुमार, राजेश सिंह, मुकेश ठाकुर, गोविंद धनवार सहित यूनियन के अन्य सदस्य, सेल कर्मी एवं छात्र शामिल हुए। सभी ने शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करते हुए सरकार से सोनम वांगचुक की रिहाई तथा उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल करने की अपील की।

No comments:
Post a Comment