- एबिटिडा 572 करोड़ रुपये पर पहुंचा
Jamshedpur (Nagendra) भारत की प्रमुख बिल्डिंग मटेरियल कंपनी न्युवोको विस्टास कॉर्पाेरेशन लिमिटेड ने 30 जून, 2026 को समाप्त तिमाही के वित्तीय परिणाम घोषित किए। कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में मजबूत वित्तीय प्रदर्शन दर्ज करते हुए बिक्री, आय, एबिटिडा और मुनाफे में उल्लेखनीय वृद्धि हासिल की। कंपनी का क्षमता विस्तार कार्यक्रम निर्धारित योजना के अनुसार आगे बढ़ रहा है। इसके तहत वित्त वर्ष 2028 तक न्युवोको की कुल सीमेंट उत्पादन क्षमता बढ़कर 35 मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष (एमएमटीपीए) हो जाएगी। वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में कंपनी ने 5.3 मिलियन मीट्रिक टन (एमएमटी) सीमेंट की बिक्री की, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 5 प्रतिशत अधिक है। इस दौरान कंपनी की कुल आय 9 प्रतिशत बढ़कर 3,129 करोड़ रुपये हो गई। न्युवोको ने पहली तिमाही में 572 करोड़ रुपये का एबिटिडा दर्ज किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 7 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
यह कंपनी के इतिहास में किसी भी पहली तिमाही का अब तक का सर्वाधिक एबिटिडा है। साथ ही, कंपनी ने कर पश्चात लाभ (पीएटी) में भी साल-दर-साल मजबूत वृद्धि दर्ज की। कंपनी के प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए न्युवोको विस्टास कॉर्पाेरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक जयकुमार कृष्णास्वामी ने कहा कि कंपनी ने वर्ष की मजबूत शुरुआत की है और वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव जैसी चुनौतियों के बावजूद बेहतर कारोबारी प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि एबिटिडा और पीएटी दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि कंपनी की मजबूत परिचालन क्षमता, लागत नियंत्रण और दक्षता पर निरंतर फोकस का परिणाम है। उन्होंने बताया कि कंपनी ने विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए गुजरात के सूरत स्थित लिमला में ग्राइंडिंग यूनिट का उद्घाटन निर्धारित समय से पहले कर दिया है।
यह उपलब्धि कंपनी की परियोजनाओं को समय पर पूरा करने की क्षमता और टीमों के समर्पण को दर्शाती है। जयकुमार कृष्णास्वामी ने कहा कि कंपनी अनुशासित पूंजी निवेश की रणनीति पर आगे बढ़ रही है। आगामी तिमाहियों में कच्छ में शेष उत्पादन क्षमता भी शुरू की जाएगी, जिससे पश्चिमी और उत्तरी भारत में कंपनी की मौजूदगी और अधिक मजबूत होगी।

No comments:
Post a Comment