Jamshedpur (Nagendra) मारवाड़ी महिला मंच, जमशेदपुर शाखा द्वारा बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में आयोजित तीन दिवसीय राखी मेले का आज सफलतापूर्वक समापन हो गया। मेले में शहरवासियों का उत्साह देखते ही बनता था। बड़ी संख्या में लोगों ने मेले में पहुंचकर खरीदारी की तथा महिलाओं ने विभिन्न स्टॉलों पर जमकर खरीदारी कर मेले को अभूतपूर्व सफलता दिलाई। मेले में एक ही छत के नीचे विभिन्न प्रकार की आकर्षक राखियां, उपहार सामग्री, साड़ियां, कुर्तियां, बेडशीट्स, लड्डू गोपाल की पोशाकें, पूजा सामग्री, घर की बनी मंगोड़ी, पापड़, खजला, चिप्स सहित अनेक घरेलू उपयोग की वस्तुएं उचित मूल्य पर उपलब्ध थीं। महिलाओं द्वारा संचालित स्टॉलों को लोगों का भरपूर सहयोग एवं प्रोत्साहन प्राप्त हुआ, जिससे महिला उद्यमिता को बढ़ावा मिला। मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए गेम्स एवं आकर्षक गिफ्ट आइटम की विशेष व्यवस्था की गई थी, जिसका बच्चों ने खूब आनंद उठाया।
पूरे तीन दिनों तक मेले का वातावरण उत्सवमय एवं पारिवारिक बना रहा। मेले के अंतिम दिन पटना से पधारे प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. श्याम बाबू जी द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लगभग 150 लोगों का निःशुल्क हेल्थ चेकअप किया गया। स्वास्थ्य शिविर का लाभ बड़ी संख्या में लोगों ने उठाया तथा स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण परामर्श प्राप्त किए। इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष श्रीमती सीमा अग्रवाल जी के साथ प्रांतीय अध्यक्ष श्रीमती प्रभा पाड़िया जी, पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष श्रीमती बीना खिरवार जी, शाखा सचिव कंचन खिरवाल जी, कोषाध्यक्ष सरस्वती अग्रवाल जी, बबीता केड़िया जी, सुलभा अग्रवाल जी, मंजू मुसद्दी अग्रवाल जी, ममता जालान जी एवं मंच की अनेक बहनें उपस्थित थीं।
शाखा अध्यक्ष श्रीमती सीमा अग्रवाल जी ने मेले की सफलता के लिए सभी आगंतुकों, स्टॉल धारकों, सहयोगी बहनों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग, विश्वास एवं सहभागिता से यह आयोजन अपेक्षाओं से कहीं अधिक सफल रहा। यह जानकारी शाखा अध्यक्ष सीमा अग्रवाल जी एवं शाखा सचिव कंचन खिरवाल जी ने दी।
No comments:
Post a Comment