Guwa (Sandeep Gupta) बड़ाजामदा में शनिवार रात पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को पुलिस की मदद से नोवामुंडी टिस्को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, दीपू लॉज में कुछ युवक काम के सिलसिले में ठहरे हुए हैं। लॉज के समीप बड़ाजामदा निवासी हरिया का सीमेंट ईंट भट्ठा है। बताया जाता है कि भट्ठे के पास वाहनों की पार्किंग को लेकर लॉज में रहने वाले युवकों और हरिया के बीच काफी दिनों से विवाद और कहासुनी होती रही थी।
शनिवार रात करीब 9 बजे लॉज में ठहरे युवकों ने वहां वाहन पार्क कर दिया। हरिया ने युवकों से वाहन हटाने को कहा। वाहन नहीं हटाने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि लॉज में रहने वाले युवकों ने करीब 10 लोगों को बुला लिया। इसके बाद कुछ नुकीले एवं धारदार हथियारों से हरिया और उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक पर हमला कर दिया गया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बड़ाजामदा थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मारपीट में शामिल आरोपी घटना के बाद फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
No comments:
Post a Comment