Jamshedpur (Nagendra) टाटा पावर का रूफटॉप सोलर बिजनेस विकास के अगले चरण के लिए तैयार है। कंपनी ने 2030 तक ₹30,000 करोड़ का वार्षिक राजस्व हासिल करने का लक्ष्य तय किया है। उपभोक्ताओं द्वारा बढ़ती मांग, अनुकूल सरकारी नीतियों और घटती तकनीकी लागत के कारण भारत के विकेन्द्रीकृत सौर ऊर्जा बाजार (जैसे कि, घरों, सोसायटियों और फैक्ट्रियों की छतों पर लगने वाले सोलर सिस्टम के व्यवसाय) में तेजी आ रही है।।कंपनी भारत भर में 5 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर ग्राहकों को अपनी सेवाएं दे चुकी है और 2029 तक इस ग्राहक संख्या को बढ़ाकर 30 लाख करने का लक्ष्य है। टाटा पावर ने भारत के तेजी से बढ़ते रूफटॉप सोलर मार्केट में 25% हिस्सेदारी हासिल करने का भी लक्ष्य रखा है। इस व्यवसाय ने पिछले चार वर्षों में राजस्व और मुनाफे दोनों में मजबूत वृद्धि दर्ज की है। वित्त वर्ष 24 की पहली तिमाही के ₹342 करोड़ से बढ़कर राजस्व वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही में लगभग चार गुना होकर ₹1,350 करोड़ हो गया, जो 58% की सीएजीआर को दर्शाता है। इसी अवधि के दौरान, ईबीआईटीडीए 74% सीएजीआर के साथ ₹38 करोड़ से बढ़कर ₹197 करोड़ हो गया, जबकि टैक्स के बाद शुद्ध मुनाफा 84% सीएजीआर के साथ ₹23 करोड़ से बढ़कर ₹145 करोड़ पर पहुंच गया है।
टाटा पावर पारंपरिक सोलर इंस्टॉलेशन से आगे बढ़कर अपने रूफटॉप सोलर उत्पादों का विस्तार कर रही है। बैटरी एनर्जी स्टोरेज सॉल्यूशंस (ऊर्जा भंडारण समाधान) को जोड़कर, कंपनी इस व्यवसाय को एक एकीकृत घरेलू ऊर्जा प्लेटफॉर्म के रूप में स्थापित कर रही है। सोलर पैनल और बैटरी स्टोरेज का यह तालमेल ग्राहकों को सौर ऊर्जा का अधिकतम लाभ उठाने, बिना रुकावट बिजली पाने और बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बनने में मदद करेगा। कंपनी को उम्मीद है कि इस नई शुरुआत से उनका बाजार काफी बड़ा हो जाएगा, क्योंकि आजकल लोग केवल सोलर पैनल लगाने के बजाय घर के लिए बिजली का पूरा और पक्का समाधान ढूंढ रहे हैं। भारत में स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़ता झुकाव, अनुकूल सरकारी नीतियां, बिजली की बढ़ती मांग, तेजी से होता शहरीकरण, कम होती लागत और ग्राहकों में बढ़ती जागरूकता इस सेक्टर को लगातार आगे बढ़ाएगी।
टाटा पावर का मानना है कि उनका देशव्यापी नेटवर्क, मजबूत ब्रांड, बेहतरीन सेवाएं और अत्याधुनिक तकनीक उसे इन दीर्घकालिक अवसरों का पूरा लाभ उठाने में मदद करेंगे। कंपनी को यह भी उम्मीद है कि आवासीय रूफटॉप सोलर के लिए सरकार का निरंतर सहयोग, बढ़ता विद्युतीकरण और भरोसेमंद, टिकाऊ व डिजिटल तकनीकों से लैस ऊर्जा समाधानों के प्रति ग्राहकों की बढ़ती पसंद उसके रूफटॉप सोलर बिजनेस के विस्तार को गति देगी।

No comments:
Post a Comment