Default Image

Months format

Show More Text

Load More

Related Posts Widget

Article Navigation

Contact Us Form

Terhubung

NewsLite - Magazine & News Blogger Template
NewsLite - Magazine & News Blogger Template

Jamshedpur बोर्ड परीक्षार्थियों के अभिभावकों के लिए बाल्डविन फार्म एरिया हाई स्कूल में हुआ प्रभावी पैरेंटिंग वर्कशॉप का आयोजन Baldwin Farms Area High School held an effective parenting workshop for parents of board exam candidates.

 


Jamshedpur (Nagendra) सीबीएसई बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे कक्षा 10 एवं 12 के विद्यार्थियों पर बढ़ते शैक्षणिक एवं मानसिक दबाव को देखते हुए बाल्डविन फार्म एरिया हाई स्कूल, कदमा द्वारा अभिभावकों के लिए एक प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक "पैरेंटिंग वर्कशॉप" का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य अभिभावकों को ऐसे व्यावहारिक सुझाव प्रदान करना था, जिनके माध्यम से वे अपने बच्चों के लिए सकारात्मक, तनावमुक्त एवं प्रेरणादायक पारिवारिक वातावरण का निर्माण कर सकें।


कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राजेन्द्र देव थे, जो एक प्रख्यात मोटिवेशनल स्पीकर, प्रमाणित राजाधिराज योग प्रशिक्षक, समग्र जीवनशैली विशेषज्ञ तथा पूर्व केमिकल इंजीनियर हैं। सेवानिवृत्ति के बाद वे योग, ध्यान, आध्यात्मिकता एवं नैतिक मूल्यों के माध्यम से समाज में मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहे हैं। अपने प्रेरक संबोधन में राजेन्द्र देव ने कहा कि 12 से 16 वर्ष की आयु बच्चों के जीवन का अत्यंत संवेदनशील दौर होता है। इस अवस्था में होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं हार्मोनल परिवर्तनों के कारण बच्चे भावनात्मक रूप से अधिक संवेदनशील हो जाते हैं। यदि इस समय उन पर अत्यधिक पढ़ाई का दबाव डाला जाए, उनकी निरंतर दूसरों से तुलना की जाए अथवा अवास्तविक अपेक्षाएँ रखी जाएँ, तो वे तनाव, चिंता और अवसाद जैसी गंभीर मानसिक समस्याओं का शिकार हो सकते हैं।


उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों की तुलना किसी अन्य बच्चे से न करें और "शर्मा जी के बेटे ने 95 प्रतिशत अंक लाए हैं" जैसी बातें कहकर उनका मनोबल कम न करें। इसके बजाय बच्चों के प्रत्येक सकारात्मक प्रयास की सराहना करें, उनकी क्षमताओं पर विश्वास जताएँ, उन्हें भरपूर स्नेह, भावनात्मक सुरक्षा और निरंतर प्रोत्साहन दें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चा अपनी विशिष्ट प्रतिभा के साथ जन्म लेता है और प्रेम, विश्वास तथा सकारात्मक वातावरण में ही उसका सर्वांगीण विकास संभव है। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों का स्वागत करते हुए निदेशक (अकादमिक) डॉ. अशोक सिंह ने कहा कि कक्षा 10 एवं 12 विद्यार्थियों के जीवन के अत्यंत महत्वपूर्ण पड़ाव हैं। इस समय अभिभावकों की भूमिका केवल अच्छे अंक प्राप्त करवाने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाने, उनकी भावनाओं को समझने और मानसिक रूप से उन्हें सशक्त बनाने की भी जिम्मेदारी अभिभावकों की है। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा महत्वपूर्ण अवश्य है, किन्तु बच्चों का मानसिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और खुशहाली उससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी अभिभावकों से बच्चों के साथ संवाद बनाए रखने, उनका मनोबल बढ़ाने तथा हर परिस्थिति में उनका सहयोगी बनने का आह्वान किया। कार्यशाला में बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की तथा सत्र को अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।


कार्यक्रम के अंत में उप-प्राचार्या श्रीमती अर्चना बोस ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की ओर से विद्यार्थियों के समग्र एवं संतुलित विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर निदेशक (प्रशासन) डॉ. राजीव रंजन सिन्हा, सचिव  प्रभास कुमार, प्राचार्या डॉ. सुभाश्री सरकार एवं प्रशासक सचिन कुमार ने निदेशक (अकादमिक) डॉ. अशोक सिंह द्वारा आयोजित इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि बच्चों का मानसिक एवं भावनात्मक रूप से सशक्त होना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता एवं अभिभावक उन्मुख कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा, जिससे विद्यालय और अभिभावकों के बीच मजबूत सहभागिता स्थापित हो तथा प्रत्येक विद्यार्थी आत्मविश्वासी, संवेदनशील, मानसिक रूप से स्वस्थ और सफल नागरिक बन सके।


बाल्डविन फार्म एरिया हाई स्कूल भविष्य में भी विद्यार्थियों के समग्र विकास, मानसिक स्वास्थ्य एवं अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता को बढ़ावा देने हेतु ऐसे सार्थक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर करता रहेगा।



No comments:

Post a Comment

GET THE FASTEST NEWS AROUND YOU

-ADVERTISEMENT-

.