Guwa (Sandeep Gupta) सेल की किरीबुरू माइंस में कर्मचारियों की सुविधाओं, खदान सुरक्षा, ठेका श्रमिकों के अधिकार और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन (इंटक) के प्रतिनिधिमंडल की सीजीएम माइंस के साथ द्विपक्षीय वार्ता हुई। बैठक में महिला कर्मचारियों के लिए चेंजिंग रूम, संयुक्त सुरक्षा ऑडिट, स्ट्रीट लाइट, एचईएमएम उपकरण, ठेका श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी व ईएसआई सहित कई मांगें उठाई गईं।प्रबंधन की ओर से पी.एम. शिरपुरकर, सीजीएम माइंस, अमित कुमार विश्वास, महाप्रबंधक (एचआर) और प्रवीण मीणा, सहायक प्रबंधक (एचआर) मौजूद रहे।यूनियन की ओर से इंटक/JGOM उपाध्यक्ष एन.के. सिंह, जोनल सेक्रेटरी विद्युत सरकार, हरिहर महाकुड़, नारायण सिरका, विकास कुमार पांडे और कोषाध्यक्ष देव कुमार समेत अन्य प्रतिनिधि शामिल हुए।महिला कर्मचारियों के चेंजिंग रूम पर प्रबंधन ने बताया कि कार्य पूरा हो चुका है और दो से चार दिनों के भीतर उद्घाटन कराने का निर्देश दिया गया है। खदान से बंकर तक संयुक्त सुरक्षा ऑडिट कराने पर भी सहमति बनी।
बैंकमोड़ से मुर्गापारा तक स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग पर प्रबंधन ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए मंजूरी की जानकारी दी।उत्पादन बढ़ाने के लिए नया एक्सकेवेटर उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया गया।यूनियन ने ठेका श्रमिकों को न्यूनतम मजदूरी और ईएसआई का लाभ सुनिश्चित करने, क्वार्टरों के रखरखाव, अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता, त्वरित रेफरल, खराब RFID कार्ड बदलने तथा इलेक्ट्रिकल विभाग में स्पेयर पार्ट्स उपलब्ध कराने की मांग रखी।पिट सेफ्टी कमेटी में यूनियन प्रतिनिधियों को शामिल करने की मांग भी उठाई गई।यूनियन ने कहा कि प्रबंधन के आश्वासनों के क्रियान्वयन की समय-समय पर समीक्षा की जाएगी और श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा।

No comments:
Post a Comment