Guwa (Sandeep Gupta) बड़ाजामदा में शनिवार को मद्धेशिया हलवाई समाज की ओर से संत शिरोमणि बाबा गणिनाथ गोविंद की जयंती हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई। समारोह में समाज के सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा गणिनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुई। श्रद्धालुओं ने अपने कुलगुरु की पूजा कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूजा-अर्चना से पूर्व जोड़ा से पहुंचे मुख्य अतिथि दीपू जी ने झंडोत्तोलन किया। इसके बाद हवन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के सदस्यों ने सपरिवार भाग लिया।
पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। वहीं, सैकड़ों लोगों के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।मुख्य पुजारी लालू पांडे ने बाबा गणिनाथ महाराज की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाबा परम तपस्वी थे और उन्होंने दिव्य शक्तियां अर्जित की थीं। वे शोषण, अत्याचार एवं अन्याय के प्रखर विरोधी थे।उन्होंने मानव समाज में व्याप्त भेदभाव को मिटाकर लोगों को सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
उन्होंने श्रद्धालुओं से क्रोध, मोह और लोभ का त्याग कर सदाचार को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में मध्यदेशीय वैश्य समाज को मजबूत बनाने को लेकर बैठक आयोजित की गई। इसमें समाज के विकास एवं मंदिर निर्माण सहित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर काशीनाथ गुप्ता, शिवदयाल प्रसाद, सुनील कुमार शाह, मदन गुप्ता, धर्मेंद्र गुप्ता, मणिशंकर प्रसाद, तारकेश्वर गुप्ता, शैलेंद्र गुप्ता, श्रवण गुप्ता, रत्नेश गुप्ता, विजय कुमार प्रसाद, पिंटू गुप्ता, प्रेम गुप्ता, इंद्रजीत गुप्ता, ज्ञान चंद्र गुप्ता सहित समाज के अन्य लोग मौजूद थे।



No comments:
Post a Comment