Guwa (Sandeep Gupta) नोवामुंडी प्रखंड के गुवा के रामनगर स्थित राम मंदिर, जगन्नाथ मंदिर एवं योगनगर स्थित शिव मंदिर प्रांगण में शुक्रवार देर रात भगवान श्रीकृष्ण की झूलन यात्रा एवं जन्माष्टमी उत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ भगवान कृष्ण के दर्शन कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिर के पुजारी नागेंद्र पाठक ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्म भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को हुआ था। जन्माष्टमी के दिन भक्त भगवान श्रीकृष्ण के लिए व्रत रखते हैं।
मंदिरों एवं घरों को आकर्षक ढंग से सजाया जाता है तथा श्रीकृष्ण से जुड़ी विभिन्न झांकियां लगाई जाती हैं। मान्यता है कि जन्माष्टमी पर विधि-विधान से पूजा करने से घर में सुख-शांति आती है और सफलता प्राप्त होती है। उत्सव के दौरान मंदिर परिसर में महिलाओं की काफी संख्या में मौजूदगी रही। श्रद्धालुओं ने भगवान कृष्ण की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
योगनगर मंदिर के पुजारी नागेंद्र पाठक ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण की छठियारी का आयोजन छठे दिन किया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के बाद महाभोग के रूप में खीर, पूरी, सब्जी एवं हलवा का प्रसाद वितरण किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि छठियारी के दिन मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद लें और पुण्य के भागी बनें।



No comments:
Post a Comment