गम्हरिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गम्हरिया में आधुनिक पावर एंड नेचुरल रिसोर्सेज लिमिटेड एवं सीएचसी के संयुक्त तत्वावधान में यक्ष्मा रोगियों को जागरूक करते हुए उनके बीच दवा एवं पौष्टिक आहार का वितरण किया गया। इस मौके पर मुख्य रूप से उपस्थित स्वास्थ्य विभाग के क्षेत्रीय उप निदेशक डॉ0 भारती मिंज ने कहा कि उपचार से यक्ष्मा रोग को जड़ से समाप्त किया जा सकता है।
इसके लिए समय पर पौष्टिक आहार के साथ दवा जरूरी है। कहा कि पौष्टिक आहार में प्रोटीन मिनरल, न्यूट्रिएंट्स एवं विटामिन रहता है। इसके सेवन करने से रोग से लड़ने की क्षमता बढ़ती है और जल्द ही रोग से मुक्ति पाई जा सकती है। इस मौके पर स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ0 प्रमिला कुमारी ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की। आधुनिक पावर के जीएम (ऑपरेशन) अमल वैद्य ने पौष्टिक आहार पैकेट में ओट्स, दलिया, चना व मल्टीविटामिन्स की संतुलित मात्रा एवं उपयोग की जानकारी दी।
फार्मासिस्ट सुजीत कुमार ने मरीजों को क्षय रोग के प्रारंभिक लक्षण, रोकथाम व उपचार के बारे में बताया। इस मौके पर दीन्दली बस्ती के एक मरीज को आधुनिक प्रबंधन ने गोद लेकर उसके इलाज की जिम्मेदारी उठाई। इस दौरान यक्ष्मा मरीजों के बीच चना, अरहर की दाल, सोयाबीन, दलिया, जई आदि का वितरण किया गया। सीएसआर के एजीएम संजीत सिन्हा ने बताया कि अगले महीने से 30 और लोगों को पोषण आहार दिया जाएगा, इस तरह कुल 50 टीबी रोगियों को आधुनिक पावर प्लांट की ओर पोषण आहार दिया जाएगा।

No comments:
Post a Comment