गम्हरिया। गम्हरिया थाना पुलिस ने सामरम गांव के समीप से अवैध बालू उठाव कर ले जा रहे दो ट्रैक्टर को जब्त करते हुए दोनों वाहन चालकों को गिरफ्तार किया है। गम्हरिया थाना प्रभारी सुषमा कुमारी के नेतृत्व में शुक्रवार को छापेमारी कर उक्त ट्रैक्टरों को जब्त किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि सिंधुकोपा नदी तट से अवैध बालू का उठाव चोरी-छुपे किया जा रहा है।
इसी सूचना के आधार पर वरीय पुलिस पदाधिकारियों से प्राप्त निर्देश के बाद एक टीम गठित कर छापामारी अभियान चलाया गया। इसी क्रम में सिंधुकोपा नदी से ट्रैक्टर में बालू लोड कर जा रहे दो ट्रैक्टर को पुलिस ने सामरम गांव के पास पकड़ा। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक अनिल मुर्मू और ठाकुर मार्डी को भी मौके से हिरासत में लिया है। दोनो ट्रैक्टर चालक राजनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। इस बाबत गम्हरिया सीओ को भी सूचित कर दिया गया है।
इस संबंध में गम्हरिया सीओ मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस द्वारा ट्रैक्टर जब्त किए जाने के बाद विधिवत सूचना दी गई है। जिसके बाद ट्रैक्टर समेत चालक के विरुद्ध मामला दर्ज किया जा रहा है। इधर, गम्हरिया पुलिस के इस कार्रवाई से बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
No comments:
Post a Comment