सेल की किरीबुरू और मेघाहातुबुरू टाउनशिप में नया सिवरेज लाइन बिछाने का ठेका लगभग 2.70 करोड़ की लागत से आरएमडी कार्यालय कोलकता द्वारा निविदा के जरिये बोकारो की मेसर्स हनुमान इन्टरप्राइजेज को वर्ष 2016 में दिया था। उक्त कार्य को ठेकेदार द्वारा 18 महीने में पूरा करना था, लेकिन ठेकेदार ने यह कार्य अप्रैल 2018 में प्रारम्भ किया और अबतक कार्य पूर्ण नहीं कर पाया है। इससे उक्त सिवरेज लाइन का काम अधर में लटक गया है। ठेकेदार का वादा खिलाफी, घटिया कार्य और समय पर कार्य पूर्ण नहीं करने से नाराज मेघाहातुबुरु के तत्कालीन सीजीएम स्व. चंचल मुखोपाध्याय द्वारा उसे काली सूची में डालने की अनुशंसा भी की गई थी। अब सेल प्रबंधन हनुमान इंटरप्राइजेज की जमा सिक्योरिटी मनी का पैसा रोककर नये सिरे से बचा काम पूरा करने का ठेका दूसरी कंपनी को निविदा के जरिये देने की तैयारी में है।
दूसरी ओर लगभग नौ करोड़ रुपये की लागत से सिवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण बिरसा स्मारक के नीचे खाई में, नया बी टाईप एवं मुर्गापाड़ा क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर बनाने का कार्य जारी है। इसमें बिरसा स्मारक के नीचे बन रही एसटीपी का कार्य तेज गति से चल रहा है। इसे आगामी जून-जुलाई माह तक पूर्ण करवाकर इसे चालू करने की संभावना जताई जा रही है। बाकी दो एसटीपी का कार्य काफी धीमा होने की वजह से सिविल विभाग ने ठेकेदार को फटकार लगाकर कार्य में तेजी लाने को कहा है। उल्लेखनीय है कि किरीबुरु-मेघाहातुबुरु टाउनशिप का बेहतर सिवरेज लाइन के भरोसे ही एसटीपी का कार्य बेहतर तरीके से संचालित हो पायेगा।
शहर की सिवरेज लाइन से आने वाली तमाम दूषित पानी को इन तीनों एसटीपी में फिल्टर व रिसाइकल कर उसका इस्तेमाल जल संरक्षण हेतु अनेक कार्यों जैसे पार्क में पानी सप्लाई समेत प्रबंधन के विभिन्न कार्यों हेतु किया जाना है। इस संबंध में किरीबुरु के महाप्रबंधक (सिविल) डीबी जैकर से सम्पर्क करने पर उन्होंने बताया कि सिवरेज ला हनुमान इंटरप्राईजेज की फाइल बोकारो में रिस्क परचेज हेतु भेजी गई है। दूसरे ठेकेदार को कार्य दिया जायेगा और जरूरी पैसा हनुमान इंटरप्राइजेज से रिकवरी कर नये ठेकेदार को दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि बिरसा स्मारक वाला बड़ा एसटीपी जुलाई माह में पूरा हो जायेगा तथा बाकी दो एसाटीपी भी अगस्त-सितम्बर में पूर्ण करने का आदेश दिया गया है।

No comments:
Post a Comment