चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिला में मंगलवार को करमा की पवित्र डाली का शांतिपूर्ण माहौल में विसर्जन किया गया। चक्रधरपुर में विधायक सुखराम उरांव के आवास बनमालीपुर में करमा पूजा का विशेष पूजा कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। वहां सोमवार को रात भर चले विशेष कार्यक्रम में मांदर की थाप पर जमकर नृत्य-गीत प्रस्तुत किया गया। मंगलवार को विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद परंपरा के साथ करमा डाली का विसर्जन किया गया।
इस दौरान महिला-पुरुष मांदर की थाप पर थिरकते रहे। नवमी उरांव ने विसर्जन के अवसर पर विधिवत करमा डाल की पूजा अर्चना की। विसर्जन के दौरान मान्यता के अनुसार श्रद्धालुओं ने उपासकों के मार्ग पर लेटकर स्वास्थ्य लाभ की कामना की. साथ ही परंपरा के अनुसार इस मौके पर जमकर अबीर-गुलाल खेला गया। उसके बाद विधिवत एक जुलूस निकालकर परंपरा के तहत बरमालीपुर नदी में पवित्र डाली का विर्सजन किया गया। इसी तरह पश्चिमी सिंहभूम जिले के सभी प्रखंडों समेत विभिन्न इलाकों में करमा पूजा धूम-धाम से संपन्न हुआ।
इससे पहले सोमवार की रात विधिवत मंत्र-उच्चारण के बीच करमा पूजा के अवसर पर उपासक विधिवत पूजा-अर्चना किये एवं करमा धरम की कथा भी उपासकों को सुनायी गयी। मौके पर भारी संख्या में महिलाएं और युवतियां शामिल हुई। मगलवार दिन भर नृत्य-गीत का दौर चला और शाम को विसर्जन जुलूस निकाला गया। इस अवसर पर काफी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।

No comments:
Post a Comment