Guwa (Sandeep Gupta) नए साल 2026 के अवसर पर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन की ओर से गुवा रेलवे मार्केट स्थित संघ कार्यालय में मजदूरों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ठेका मजदूरों, सेल के स्थाई कर्मियों एवं सफाई कर्मियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने की। उन्होंने उपस्थित सभी मजदूरों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नया साल मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई को और मजबूती देने का वर्ष होगा।
बैठक को संबोधित करते हुए संघ के महामंत्री अंतर्यामी महाकुड़ ने गुवा सेल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि गुवा सेल में लंबे समय से मजदूरों का शोषण किया जा रहा है, जिसे अब किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सेल प्रबंधन द्वारा बाहर से आए लोगों को बहाली दी जा रही है, जबकि स्थानीय मजदूरों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। इसका खामियाजा यहां के मजदूर वर्षों से भुगत रहे हैं। महामंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वर्ष 2026 में सभी मजदूर एकजुट होकर सेल प्रबंधन के खिलाफ ठोस रणनीति बनाएंगे और जरूरत पड़ी तो आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जाएगा।
उन्होंने मांग की कि गुवा सेल में होने वाली सभी भर्तियों में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता दी जाए। अन्यथा संघ आर-पार की लड़ाई लड़ने के लिए बाध्य होगा। बैठक के दौरान मजदूरों की विभिन्न समस्याओं पर भी चर्चा की गई और उन्हें संगठित रहकर संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में ठेका मजदूरों, सफाई कर्मियों एवं स्थाई कर्मियों की उपस्थिति ने मजदूर एकता का संदेश दिया।


No comments:
Post a Comment