Jamshedpur (Nagendra) रामनवमी महोत्सव को लेकर शहर में तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं। इसी क्रम में, केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति द्वारा शुक्रवार को जिला प्रशासन के साथ दो महत्वपूर्ण बैठकें संपन्न हुई, जिसमें पर्व को शांतिपूर्ण, भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
पहली बैठक पूर्वी सिंहभूम के जिला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के साथ समिति के अध्यक्ष आशुतोष सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुई। इस बैठक में रामनवमी की तैयारियों की वर्तमान स्थिति से प्रशासन को अवगत कराते हुए समिति ने कई अहम सुझाव रखे। समिति ने गैर-लाइसेंसी अखाड़ों को लाइसेंस उपलब्ध कराने का आग्रह किया, जिससे सभी समितियां विधिवत रूप से शोभायात्रा में शामिल हो सकें। शोभायात्रा के दौरान मानगो क्षेत्र में बिजली बाधित होने की समस्या को गंभीरता से उठाते हुए समिति ने वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही, संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे लगाने और खराब स्ट्रीट लाइटों को अविलंब दुरुस्त कराने पर जोर दिया गया। कलश यात्रा के दौरान भालूबासा चौक पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था सुदृढ़ करने, फायर ब्रिगेड एवं एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने की भी मांग की गई। इसके अलावा बागबेड़ा, परसुडीह जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई, जुलूस मार्ग से बाधाओं को हटाने और मार्ग को सुगम बनाने के लिए निरीक्षण कराने का आग्रह किया गया। वहीं केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति ने अखाड़ा समितियों को प्रशासन द्वारा दिए जा रहे सहयोग के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया।
वहीं दूसरी बैठक अनुमंडल पदाधिकारी अर्णव मिश्रा के साथ सम्पन्न हई, जिसमें मुख्य रूप से घाटों की तैयारियों पर चर्चा हुई। समिति ने चैती छठ से पूर्व सभी घाटों की साफ-सफाई सुनिश्चित कराने तथा पूर्व की भांति आवश्यक सुविधाएं बहाल रखने की मांग की। शोभायात्रा के दिन नदी के जलस्तर को बढ़ाने का भी अनुरोध किया गया, जिससे कि अखाड़ा समितियों को झंडा ठंडा करने के लिए स्वच्छ जल उपलब्ध हो सके। समिति के अध्यक्ष आशुतोष सिंह ने बताया कि दोनों बैठकें अत्यंत सार्थक रहीं और जिला प्रशासन की ओर से ठोस आश्वासन प्राप्त हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासनिक तैयारियां सही दिशा में चल रही हैं और सभी समस्याओं का समय रहते समाधान कर लिया जाएगा।

No comments:
Post a Comment