Jamshedpur (Nagendra) हर साल की भांति इस वर्ष भी झारखंड राज्य पद्मशाली संगम के तत्वावधान में एग्रिको क्लब हाउस में 'श्री भवानारुषि स्वामी पूजा' का भव्य आयोजन धूमधाम से संपन्न किया गया। इस आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समागम में झारखंड सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आए पद्मशाली समुदाय के लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और अपनी परंपराओं को जीवंत किया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्री भवानारुषि स्वामी की विशेष पूजा से हुई। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समुदाय की सांस्कृतिक जड़ों को सहेजना और नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध विरासत से रूबरू कराना था। इस गरिमामय अवसर पर अखिल भारतीय पद्मशाली संगम , हैदराबाद के अध्यक्ष कंडागटला स्वामी जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में समाज की एकता और आध्यात्मिक चेतना पर बल दिया।
वहीं सम्मानित अतिथियों में संगम के महासचिव वनपिल्ली वेंकट राव और रायपुर क्षेत्र पद्मशाली समाज के अध्यक्ष सह राष्ट्रीय सचिव गोपाल परसावर शामिल हुए। अतिथियों ने झारखंड इकाई के प्रयासों की सराहना करते हुए समाज के आर्थिक और सामाजिक उत्थान का आह्वान किया। यह पूरा आयोजन झारखंड राज्य पद्मशाली संगम के अध्यक्ष तिप्पना संभा शिव राव के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ। उपाध्यक्ष वनपिल्ली शंकर राव और उनकी पूरी समर्पित टीम ने आगंतुकों का स्वागत किया और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं दोपहर में महाप्रसाद वितरण के साथ समारोह का समापन हुआ। इस आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत किया, बल्कि जमशेदपुर में पद्मशाली समुदाय की एकजुटता की एक नई मिसाल पेश की।

No comments:
Post a Comment