Guwa (Sandeep Gupta) झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन कार्यालय में आगामी 15 अप्रैल को नव निर्मित मंदिर में भगवान हनुमान जी, साई बाबा, गणेश जी एवं माता दुर्गा की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा विधिवत रूप से की जाएगी। इस महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन की जानकारी बुधवार देर शाम यूनियन कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने मजदूरों को दी। उन्होंने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा का यह कार्यक्रम बनारस से आए विद्वान पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया जाएगा। यह आयोजन पूरे क्षेत्र के लिए आस्था और श्रद्धा का केंद्र बनेगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
रामा पांडे ने आगे कहा कि प्राण प्रतिष्ठा के दिन पूजा-अर्चना के उपरांत भव्य भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें सभी मजदूरों, उनके परिवारों तथा स्थानीय लोगों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने सभी उपस्थित मजदूरों से अपील की कि वे इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धार्मिक लाभ प्राप्त करें और आयोजन को सफल बनाएं। बैठक में उपस्थित मजदूरों ने भी इस आयोजन को लेकर उत्साह व्यक्त किया और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना सहयोग देने का आश्वासन दिया। यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला साबित होगा।


No comments:
Post a Comment