Guwa (Sandeep Gupta) विभिन्न मजदूर हितों और स्थानीय समस्याओं को लेकर मेघाहातुबुरु इकाई झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन एवं सेल (SAIL) प्रबंधन के अधिकारियों के बीच मेघाहातुबुरु जनरल ऑफिस के सभागार में द्विपक्षीय वार्ता आयोजित की गई। यह वार्ता कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित रही, जिसमें कर्मचारियों की सुविधाओं, चिकित्सा व्यवस्था और कार्यस्थल से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। यूनियन की ओर से प्रमुख मांगों में मेडिकल सुविधा को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया। इसमें 12 सीटर एसी एम्बुलेंस की व्यवस्था, रेफरल के दौरान वाहन किराया उपलब्ध कराने, अपोलो रेफरल के लिए संशोधित वाहन किराया लागू करने, मेघाहातुबुरु मेडिकल डिस्पेंसरी में स्थायी डॉक्टर की नियुक्ति तथा फिजियोथेरेपी की सुविधा शुरू करने की मांग शामिल रही। साथ ही जोड़ा रेफरल में भी वाहन किराया उपलब्ध कराने का मुद्दा उठाया गया।
सीएसआर (CSR) के तहत रेफरल प्रक्रिया में केवल मुखिया ही नहीं, बल्कि उपमुखिया, पंचायत समिति सदस्य एवं वार्ड सदस्यों को भी साइनिंग अथॉरिटी देने की मांग की गई, ताकि आम लोगों को सुविधा मिल सके और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके। इसके अलावा “समान काम के लिए समान वेतन तथा विभिन्न विभागों में समान अटेंडेंस लागू करने का मुद्दा भी प्रमुख रहा। यूनियन ने विशेष रूप से श्याम, कुंदन, कमल के जूलॉजिकल विभाग एवं माइनिंग विभाग में समान अटेंडेंस सुनिश्चित करने की मांग रखी। घंटों चली इस वार्ता के बाद दोनों पक्षों के बीच कई मुद्दों पर सहमति बनी, जिससे कर्मचारियों में संतोष का माहौल देखा गया।
इस बैठक में सेल प्रबंधन की ओर से सीजीएम एस.के. सिंह, अमित बिस्वास एवं धीरेन्द्र मिश्रा उपस्थित रहे। वहीं यूनियन की ओर से केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे, अफताब आलम, इंतेकाब आलम, कांता प्रसाद, एस. गिल, पी. नायक, महाराज रावत, सोमनाथ साहु, गुरप्रीत सिंह, कमल रजक, टी. मेहमूद, राज नारायण शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।


No comments:
Post a Comment