- दुर्गम कुदाबुरु, निलाईगोट और झींगामारचा के ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, ऑन द स्पॉट समाधान के लिए अधिकारियों को लगाया फोन
Upgrade Jharkhand News. मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगत माझी की सक्रियता सोमवार को सोनुवा प्रखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में देखने को मिली। क्षेत्र के विकास और जन-संवाद को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने लोंजो पंचायत के अंतर्गत आने वाले दुर्गम गांवों कुदाबुरू, निलाइगोट और पोड़ाहाट पंचायत के झींगामारचा का दौरा किया। यहां विधायक ने जनचौपाल लगा ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना। विधायक के पहुंचने पर ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया, साथ ही अपनी बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर अपनी व्यथा भी रखी। सुदूर क्षेत्र होने के कारण इन गांवों में विकास की रफ्तार धीमी रही है। ग्रामीणों ने गर्मी के मौसम की आहट के साथ ही चापाकालों की मरम्मत और नए जल स्रोतों की आवश्यकता जताई गई। साथ ही मुख्य सड़क से गांवों को जोड़ने वाली संपर्क सड़कों की जर्जर हालत पर चर्चा हुई। ग्रामीणों ने विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों के कारण बच्चों के भविष्य पर पड़ रहे प्रभाव को लेकर ग्रामीण चिंतित दिखे।आंगनबाड़ी केंद्रों के अपने भवन न होने और बिजली की अनियमित आपूर्ति जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
विधायक जगत माझी ने न केवल समस्याओं को सुना, बल्कि प्रशासनिक तत्परता दिखाते हुए मौके से ही संबंधित विभागों के वरीय अधिकारियों को फोन लगाया। विधायक ने कहा ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान फाइलों में नहीं, बल्कि धरातल पर होना चाहिए। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे इन गांवों का सर्वे करें और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेयजल के खराब पड़े चापाकलों को दुरुस्त किया जाए और सड़क निर्माण का प्रस्ताव प्राथमिकता के आधार पर तैयार किया जाए। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य उन अंतिम गांवों तक पहुंचना है जहां अक्सर सरकारी योजनाएं पहुंचने में समय लगता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मकसद केवल दौरा करना नहीं, बल्कि समस्याओं के समाधान के लिए एक पारदर्शी और जवाबदेह तंत्र विकसित करना है।
उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों की निगरानी वे स्वयं करेंगे और समय-समय पर फीडबैक लेने गांव आते रहेंगे। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे जागरूक बनें और सरकार द्वारा चलाई जा रही जन-कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। विधायक के दौरे से स्थानीय ग्रामीणों में आशा की किरण जगी है। कुदाबुरू और आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने विधायक की इस कार्यशैली की सराहना की, जहां जनसेवक खुद चलकर दुर्गम क्षेत्रों में पहुंचा और तुरंत समाधान की दिशा में कदम उठाए। बैठक में झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सागर महतो, पोड़ाहाट के मुखिया जोसेफ मुर्मू, सोनाराम हेम्ब्रम, नव किशोर माझी, मोहन लाल बेसरा, राम माझी, धीराय माझी, हरे कृष्ण बांदिया, मोहन लाल केराई, विजय कुमार हांसदा, सोहन टुडू, अमीन माझी समेत झामुमो के कई स्थानीय कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण उपस्थित रहे।



No comments:
Post a Comment