Guwa (Sandeep Gupta) गुवा क्षेत्र के विस्थापितों ने अपनी मूलभूत सुविधाओं एवं पुनर्वास से जुड़ी समस्याओं को लेकर उपायुक्त मनीष कुमार से मुलाकात कर अपनी बात विस्तारपूर्वक रखी। समस्याएं सुनने के बाद उपायुक्त ने एडीसी प्रवीण केरकेट्टा को निर्देश दिया कि वे विस्थापितों की मांगों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। इसके पश्चात विस्थापितों ने एडीसी को अपना मांग पत्र सौंपा। बताया गया कि सेल (SAIL) गुवा, प्रखंड नोवामुंडी के अंतर्गत खदान के विस्तारीकरण के क्रम में प्रबंधन द्वारा ग्राम रामनगर डीपासाई, नानक नगर, पुट साइडिंग तथा जाटा हाटिंग पंचायत (गुवा पूर्वी-पश्चिमी) के निवासियों को अन्यत्र विस्थापित करने का प्रस्ताव है।
इस संबंध में प्रबंधन द्वारा अब तक केवल 184 परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था की गई है, जबकि लगभग 500 परिवार अब भी विस्थापन की सूची से बाहर हैं। विस्थापितों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि छूटे हुए इन परिवारों की सूची संलग्न कर प्रस्तुत की जा रही है और सभी प्रभावित परिवारों का पुनः सर्वे कर सरकारी नियमानुसार पुनर्वास सुनिश्चित किया जाए। उनका कहना है कि जब तक सभी परिवारों के लिए समुचित व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक विस्थापन की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई जानी चाहिए।
विस्थापित परिवारों ने अपनी मांगों में कई जरूरी सुविधाओं को शामिल किया है। इनमें एक कमरा, हॉल, किचन तथा शौचालय-बाथरूम युक्त आवास, सामुदायिक भवन की व्यवस्था, नियमित साफ-सफाई के लिए कर्मियों की नियुक्ति, बिजली-पानी की सुविधा (जिसका वे किराया देने को तैयार हैं), बच्चों के लिए सुरक्षित स्कूल बस सेवा, पूजा-पाठ के लिए मंदिर तथा वंचित परिवारों के लिए पुनः सर्वे कर आवास उपलब्ध कराने की मांग प्रमुख है। विस्थापितों का कहना है कि नई जगह पर मूलभूत सुविधाओं के बिना जीवन यापन कठिन है, इसलिए प्रशासन और सेल प्रबंधन को जल्द से जल्द उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। मांग पत्र सौंपने वालों में विनय कुमार प्रसाद, राजा बिहारी, धर्मेंद्र रजक और रोहित कुमार सिंह शामिल थे।

No comments:
Post a Comment