Guwa (Sandeep Gupta) नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत बड़ाजामदा स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय कांटेसाई में लंबे समय से बंद पड़ी जल मीनार को पुनः चालू कराने की दिशा में पहल करते हुए जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सोनाराम सिंकु ने नया मोटर उपलब्ध कराया। जानकारी के अनुसार, विद्यालय परिसर के समीप बच्चों एवं आसपास के ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लगभग तीन वर्ष पूर्व डीएमएफटी फंड से जल मीनार का निर्माण कराया गया था। करीब आठ माह पहले मोटर जल जाने के कारण जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो गई थी, जिससे विद्यालय के बच्चों और स्थानीय लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों ने मोटर की मरम्मत के लिए पीएचईडी विभाग, नोवामुंडी को लिखित सूचना भी दी थी, लेकिन आठ महीने बीत जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका। इसकी जानकारी मिलने पर विधायक सोनाराम सिंकु ने तत्काल संज्ञान लेते हुए नया मोटर उपलब्ध कराया, जिससे जल मीनार फिर से चालू हो गई। नया मोटर लगने के बाद विद्यालय के बच्चों और आसपास के बस्तीवासियों को फिर से शुद्ध पेयजल मिलने लगा है। इस पहल से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके त्वरित हस्तक्षेप की सराहना की।


No comments:
Post a Comment