Jamshedpur (Nagendra) बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जाडीह गांव में तालाब की भराई एवं सार्वजनिक रास्ते पर कथित अतिक्रमण के मामले को लेकर झारखंड ह्यूमन राइट्स एसोसिएशन (जेएचआरएएस) ने कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त से हस्तक्षेप की मांग की है। इस संबंध में संगठन के प्रतिनिधियों ने चाईबासा स्थित आयुक्त कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की अपील की। संगठन के कोल्हान प्रभारी राधाकृष्ण सिंह मुंडा ने बताया कि मिर्जाडीह मौजा, थाना संख्या-20, खाता संख्या-38 के प्लॉट संख्या-694 एवं 695 में आंशिक रूप से स्थित तालाब में कथित रूप से मिट्टी भराई की जा रही है। साथ ही, सार्वजनिक मार्ग पर भी अतिक्रमण किए जाने का आरोप लगाया गया है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि तालाब ग्रामीण क्षेत्र के महत्वपूर्ण जलस्रोत होने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाता है। ऐसे में तालाब के अस्तित्व को बचाने तथा उसके संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए प्रशासन को तत्काल कदम उठाने की आवश्यकता है। संगठन ने आयुक्त से मांग की है कि संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर तालाब को अतिक्रमण एवं भराई से मुक्त कराया जाए तथा सार्वजनिक रास्ते को भी अविलंब खाली कराया जाए। साथ ही, मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। झारखंड ह्यूमन राइट्स एसोसिएशन के अनुसार, संगठन इस मुद्दे को लेकर 1 जून से लगातार आंदोलनरत है और प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की मांग कर रहा है।
संगठन ने यह भी अनुरोध किया है कि की गई कार्रवाई की जानकारी उन्हें उपलब्ध कराई जाए। ज्ञापन की प्रतिलिपि झारखंड सरकार के भूमि सुधार एवं भू-राजस्व मंत्री को भी भेजी गई है। इस अवसर पर केंद्रीय अध्यक्ष दिनेश कुमार कीनू, शंभू सिंह भूमिज, हातु सरदार, राधेश्याम सिंह मुंडा, तरफ सरदार सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।

No comments:
Post a Comment