Jamshedpur (Nagendra) शहीद निर्मल सेवा सदन (झारखंड आंदोलन के वीर शहीद निर्मल महतो के नाम जन स्वास्थ्य एवं सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए समर्पित संस्था) द्वारा संचालित जॉगर्स पार्क स्पोर्ट्स अकादमी, शास्त्रीनगर, कदमा में शनिवार प्रातः खेल प्रतिभा पहचान एवं आयु वर्ग निर्धारण (कैटेगरीकरण) हेतु एक विशेष फील्ड सर्वे एवं परिचयात्मक शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शास्त्रीनगर, निर्मल कॉलोनी एवं आसपास की बस्तियों के बच्चों को संगठित खेल गतिविधियों से जोड़ना तथा उनकी रुचि एवं आयु के अनुसार विभिन्न खेलों में प्रशिक्षण की संभावनाओं का आकलन करना था।
शिविर में बड़ी संख्या में बच्चों एवं अभिभावकों ने भाग लिया तथा बच्चों का प्रारंभिक पंजीकरण एवं आयु वर्ग के अनुसार वर्गीकरण किया गया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय योग प्रशिक्षक अंशु सरकार, अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रशिक्षक कांचो एल. नागेश्वर राव, तीरंदाजी प्रशिक्षक पुतुल खलको, हॉकी प्रशिक्षक किशोर काण्डुलना, एथलेटिक प्रशिक्षक दीपु सोरेन एवं संथाली साहित्य अकादमी पुरष्कार से विभूषित गणेश ठाकुर हांसदा, झारखंड आंदोलनकारी अजीत तिर्की (सोनारी) एवं अनिमा बोस सहित अन्य खेल विशेषज्ञ एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे। सभी प्रशिक्षकों ने बच्चों से परिचय प्राप्त कर उनकी रुचि, क्षमता एवं संभावनाओं का प्रारंभिक आकलन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते प्रशिक्षकों ने कहा कि शास्त्रीनगर एवं आसपास के घनी आबादी वाले क्षेत्रों में खेल मैदानों की भारी कमी है। ऐसे में बच्चों को खेल, योग, कराटे, हॉकी, फुटबॉल एवं तीरंदाजी जैसी गतिविधियों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन,आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं सकारात्मक सामाजिक चेतना विकसित करने का भी सशक्त साधन है।
प्रशिक्षकों ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित खेल गतिविधियों से जोड़ने का आह्वान किया तथा कहा कि निम्न आय वर्ग के परिवारों के बच्चे भी उचित प्रशिक्षण एवं अवसर मिलने पर जिला, राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं। शहीद निर्मल सेवा सदन के महासचिव गौतम कुमार बोस ने बताया कि यह एक प्रारंभिक सर्वे है तथा अंतिम सूची तैयार होने के बाद विभिन्न खेलों के नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की औपचारिक घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य खेल एवं स्वास्थ्य के माध्यम से क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को एक सकारात्मक दिशा प्रदान करना है।इस अवसर पर प्रशिक्षकों द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया। अंत में सभी मिलकर सर्व सम्मति से यह निर्णय लिया गया कि " 9 जून धरती आबा वीर शहीद बिरसा मुंडा जी का शहादत दिवस के उपलक्ष में आगामी 14 जून रविवार को बच्चों का फुट बाल मैच होगा जिसकी तमाम पारितोषिक सरकार योगा अकादमी के सौजन्य से होगा "। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं बच्चों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
No comments:
Post a Comment