Guwa (Sandeep Gupta) गुवा बाजार में बोझा उठाकर जीविकोपार्जन करने वाले एक मजदूर की पत्नी की बीमारी के कारण सोमवार देर शाम गुवा सेल अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया गया कि महिला पिछले 10 दिनों से अस्पताल में भर्ती थी। वहीं, उसके पति की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं होने के कारण परिवार अंतिम संस्कार कराने में असमर्थ था। घटना की जानकारी मिलते ही पश्चिमी पंचायत की मुखिया पद्मिनी लागुरी ने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय समाजसेवी युवकों के सहयोग से महिला के अंतिम संस्कार की पूरी व्यवस्था कराई।
मुखिया और समाजसेवियों के इस मानवीय प्रयास की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे समय में असहाय परिवार की मदद कर मुखिया और समाजसेवी युवकों ने मानवता का परिचय दिया है। उनके इस कार्य से समाज में सेवा और सहयोग की भावना को बल मिला है। इस अवसर पर मुखिया पद्मिनी लागुरी के साथ समाजसेवी दीनबंधु भंज, सोनू महापात्र, सोनाराम बालमुचू, राहुल पान, करण लोहार, करण होरों, राजेश दास तथा भारत पान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment