Guwa (Sandeep Gupta) केंद्रीय विद्यालय मेघाहातुबुरु के विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचाने जा रही सेल किरीबुरू की स्कूल बस को शनिवार सुबह मुर्गापाड़ा क्षेत्र में अभिभावकों ने करीब 15 मिनट तक रोककर विरोध जताया। हालांकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसे देखते हुए बाद में बस को रवाना कर दिया गया। इस घटना ने स्कूल परिवहन व्यवस्था और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, विवाद की मुख्य वजह सेल मेघाहातुबुरु प्रबंधन द्वारा न्यू कैंप क्षेत्र के बच्चों के लिए पहले से संचालित अलग स्कूल बस सेवा को बंद कर देना है। न्यू कैंप के लगभग 30 से 40 विद्यार्थी प्रतिदिन केंद्रीय विद्यालय मेघाहातुबुरु आते हैं। अलग बस बंद होने के बाद उन्हें हिलटॉप और मुर्गापाड़ा के बच्चों के लिए चलने वाली बस में सफर करना पड़ रहा है।
अभिभावकों का आरोप है कि यह बस पहले से ही क्षमता से अधिक बच्चों से भरी रहती है। ऐसे में अतिरिक्त बच्चों के चढ़ने से बस में धक्का-मुक्की की स्थिति बन जाती है और कई बच्चे चोटिल भी हो चुके हैं। कई बार सीट नहीं मिलने के कारण कुछ विद्यार्थियों को स्कूल भी नहीं जा पाना पड़ता है। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले पांच-छह दिनों से इस समस्या को लेकर लगातार विवाद की स्थिति बनी हुई थी।
समाधान नहीं होने पर शनिवार को महिलाओं ने शांतिपूर्ण ढंग से बस रोककर अपना विरोध दर्ज कराया। स्थानीय महिला जोया खान ने कहा कि यह विरोध किसी टकराव के लिए नहीं, बल्कि बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा के हित में किया गया है। उन्होंने मांग की कि न्यू कैंप के बच्चों के लिए पहले की तरह अलग स्कूल बस सेवा तत्काल बहाल की जाए। अभिभावकों का कहना है कि बरसात के मौसम में कई बच्चे भीगते हुए पैदल स्कूल जाने को मजबूर हैं। उनका कहना है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।


No comments:
Post a Comment