Upgrade Jharkhand News. राज्य सरकार की उन्नति का पहिया योजना के तहत बुधवार को गोइलकेरा प्रखंड कार्यालय परिसर में कक्षा आठ की छात्राओं के बीच साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पहले चरण में पीएमश्री बालिका मध्य विद्यालय की लगभग 128 छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक जगत माझी उपस्थित रहे। जानकारी के अनुसार गोइलकेरा प्रखंड में इस योजना के तहत कक्षा आठ के करीब 1450 छात्र-छात्राओं को साइकिल उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। चरणबद्ध तरीके से सभी पात्र विद्यार्थियों को साइकिल वितरित की जाएगी। साइकिल वितरण के बाद विधायक जगत माझी ने छात्राओं से संवाद करते हुए शिक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही जीवन को नई दिशा देने का सबसे प्रभावी माध्यम है। आज के विद्यार्थी ही कल के डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि बनेंगे।
इसलिए हर छात्र-छात्रा को पूरी लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निःशुल्क शिक्षा, मध्याह्न भोजन, पोशाक, छात्रवृत्ति तथा साइकिल जैसी अनेक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। साइकिल वितरण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दूरी किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा न बने और कोई भी छात्र-छात्रा विद्यालय जाने से वंचित न रहे। विधायक ने छात्राओं से कहा कि सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं का पूरा लाभ उठाएं, नियमित रूप से विद्यालय आएं और बीच में पढ़ाई कभी न छोड़ें।
उन्होंने कहा कि सपने वही पूरे करते हैं जो कठिन परिस्थितियों में भी मेहनत करना नहीं छोड़ते। शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनें, अपने माता-पिता का नाम रोशन करें और समाज के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। कार्यक्रम के दौरान पीएमश्री बालिका मध्य विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक सतीश चंद्र प्रधान ने विद्यालय में शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाया। इस पर विधायक ने उपायुक्त से वार्ता कर जल्द ही इस समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी विवेक कुमार, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी अजय कुमार यादव, बीपीओ राजेश कुमार गुप्ता, बीआरपी किशोर महतो, झामुमो नेता अकबर खान सहित विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


No comments:
Post a Comment