Upgrade Jharkhand News. गम्हरिया स्थित आरका जैन विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट के डिपार्टमेंट ऑफ मैनेजमेंट (बीबीए) द्वारा आयोजित छह दिवसीय अटल फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी) का सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई), नई दिल्ली द्वारा प्रायोजित एक राष्ट्रीय प्राध्यापक विकास कार्यक्रम था, जिसमें देशभर के शिक्षकों, शोधकर्ताओं एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। "बिजनेस ऑन व्हील्स" विषय पर आधारित इस छह दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत उद्यमिता, नवाचार, राजकीय अर्थव्यवस्था, व्यवसाय विकास, नेतृत्व, प्रबंधन एवं समकालीन व्यावसायिक चुनौतियों पर देश के विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़े विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान एवं संवाद सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों एवं शोधकर्ताओं को नवीन ज्ञान, शोध दृष्टिकोण तथा उद्योगोन्मुखी सोच से जोड़ना रहा।
इस फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम में देशभर के 50 से अधिक संस्थानों के प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रमुख संस्थानों में काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), जामिया मिल्लिया इस्लामिया, सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड, सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ रांची सहित अनेक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय एवं उच्च शिक्षण संस्थान शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को विशेषज्ञों के साथ विचार-विमर्श एवं अनुभव साझा करने का अवसर प्राप्त हुआ। समापन दिवस के मुख्य वक्ता सुप्रसिद्ध शिक्षाविद् एवं प्रबंधन विशेषज्ञ प्रो. संतोष महांती रहे। उन्होंने अपने व्याख्यान में उद्यमिता, नवाचार, नेतृत्व क्षमता, स्टार्टअप संस्कृति तथा भविष्य की व्यावसायिक संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने प्रतिभागियों को बदलते वैश्विक परिवेश के अनुरूप नवाचार आधारित शिक्षा एवं उद्यमशीलता को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उनका व्याख्यान अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी रहा।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रो-वाईस चांसलर प्रो. (डॉ.) अंगद तिवारी एवं रजिस्ट्रार डॉ. अमित कुमार श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति रही। दोनों गणमान्य अतिथियों ने इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे फैकल्टी डेवलपमेंट कार्यक्रम शिक्षकों, शोधकर्ताओं एवं विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल एवं शोध क्षमता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होते हैं। इस कार्यक्रम का नेतृत्व स्कूल ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट की सहायक डीन डॉ. पांपी दास सेनगुप्ता के मार्गदर्शन में तथा वाणिज्य विभाग की कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अंकेता सिंह के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. निकिता शुक्ला, डॉ. विजयता, डॉ. रमा सिंह एवं प्रो. उज्ज्वल प्रकाश सहित समस्त संकाय सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
छह दिवसीय अटल फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम ने कोल्हान क्षेत्र में उच्च शिक्षा, शोध एवं उद्यमिता के क्षेत्र में एक नई पहचान स्थापित की है। इस कार्यक्रम ने शिक्षकों, शोधकर्ताओं एवं विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों से प्रत्यक्ष संवाद का अवसर प्रदान करते हुए ज्ञान, नवाचार एवं अकादमिक उत्कृष्टता की दिशा में एक सशक्त मंच उपलब्ध कराया। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी इस प्रकार के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक कार्यक्रमों के आयोजन की अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।


No comments:
Post a Comment