- विधायक सरयू राय की बैठक में लंबित विकास योजनाओं, सफाई व्यवस्था और पुलिस की निष्क्रियता पर जताया गया आक्रोश
Upgrade Jharkhand News. मानगो नगर निगम की कार्यशैली के खिलाफ जनता दल (यूनाइटेड) ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। शुक्रवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की उपस्थिति में बिष्टुपुर स्थित कार्यालय में हुई जदयू कार्यकर्ताओं और मानगो जनसुविधा समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में हो रही देरी, साफ-सफाई व्यवस्था की बदहाली तथा जनहित के मुद्दों पर नगर निगम की कथित उदासीनता के विरोध में 27 जुलाई को मानगो नगर निगम कार्यालय के समीप धरना दिया जाएगा। बैठक में यह भी चेतावनी दी गई कि यदि इसके बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में मानगो नगर निगम क्षेत्र में लंबित विकास योजनाओं को लेकर गहरी नाराजगी व्यक्त की गई। बताया गया कि निगम क्षेत्र में 12,13,19,117 रुपये की लागत वाली 38 विकास योजनाओं का क्रियान्वयन अब तक लंबित है। इनमें 3,53,32,680 रुपये की लागत वाली 32 योजनाओं का शिलान्यास 29 दिसंबर 2025 को ही हो चुका था। इसके बाद 6,73,16,300 रुपये की लागत वाली दो प्रमुख सड़क योजनाओं का शिलान्यास 14 अप्रैल 2026 को किया गया। इसके अलावा मानगो क्षेत्र को बाढ़ से बचाने के उद्देश्य से 2,44,67,800 रुपये की लागत से चार बड़े नालों के निर्माण एवं जीर्णोद्धार के लिए 20 अप्रैल 2026 को निविदा प्रकाशित की गई। बैठक में कहा गया कि निविदा की सभी प्रक्रियाएं पूरी होने और संवेदकों की बहाली के बावजूद आज तक कार्य शुरू नहीं कराया गया।
बैठक में देशबंधु लाइन, नित्यानंद कॉलोनी और आसपास के इलाकों में हर वर्ष बरसात के दौरान उत्पन्न होने वाली बाढ़ की समस्या पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। बताया गया कि पिछले वर्ष स्थानीय नागरिकों के आग्रह पर विधायक सरयू राय स्वयं घुटने भर पानी में उतरकर मानगो नगर निगम के तत्कालीन उप नगर आयुक्त के साथ पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया था। इसके बाद उन्होंने नगर विकास विभाग को चार बड़े नालों के निर्माण की अनुशंसा भेजी तथा विभाग के मंत्री और सचिव से बातचीत कर योजना की स्वीकृति दिलाई। इसी के परिणामस्वरूप 2,44,67,800 रुपये की लागत वाली चार नालों की निविदा 20 अप्रैल 2026 को जारी की गई। इन नालों का निर्माण बरसात से पहले पूरा होना था, ताकि नित्यानंद कॉलोनी, देशबंधु लाइन और आसपास के लोगों को बाढ़ से राहत मिल सके, लेकिन निविदा प्रक्रिया पूरी होने और संवेदकों की नियुक्ति के बाद भी निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक सरयू राय ने कहा कि मानगो क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में दो-दो लोगों की समितियां गठित की जाएंगी। ये समितियां वार्ड स्तर पर जनहित की समस्याओं की निगरानी करेंगी और उनके समाधान के लिए पहल करेंगी। उन्होंने कहा कि जनसुविधा समिति और जदयू कार्यकर्ता संयुक्त रूप से बड़े नालों की सफाई का निरीक्षण करेंगे, उनकी वास्तविक स्थिति का आकलन करेंगे और इसकी रिपोर्ट उन्हें सौंपेंगे। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने नगर निगम चुनाव के बाद मानगो क्षेत्र में बनी परिस्थितियों की भी चर्चा की। उनका कहना था कि चुनाव के बाद कुछ दबंग प्रवृत्ति के लोगों का प्रभाव बढ़ा है और क्षेत्र के शांतिपूर्ण वातावरण को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि मानगो क्षेत्र में बढ़ते अपराध पर चिंता व्यक्त करते हुए विधायक सरयू राय द्वारा एक टीवी चैनल को दिए गए बयान को कथित रूप से गलत तरीके से प्रस्तुत कर उनका पुतला दहन किया गया। आरोप लगाया गया कि पुतला दहन के दौरान विधायक के चित्र के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। इस मामले में जदयू महानगर अध्यक्ष द्वारा उलीडीह थाना में एफआईआर दर्ज कराए जाने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने पर बैठक में रोष व्यक्त किया गया। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में मुख्य रूप से जदयू जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, जदयू महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, युवा मोर्चा अध्यक्ष नीरज सिंह, मानगो जनसुविधा समिति के संयोजक पप्पू सिंह, कुलविंदर सिंह पन्नू, आकाश साह, विनोद सिंह, दीपक गौड़, पिंटू सिंह, विकास साहनी, प्रवीण सिंह, लालु गौड़, मुस्ताक अहमद, संतोष भगत, संजीव मुखर्जी, प्रेम सक्सेना, संतोष चौहान, टूनटून सिंह, संजीव सिंह, अशोक सिंह, ममता सिंह, चेतक सिंह, संजय सिंह, मनोज गुप्ता, भवानी सिंह, मुकेश सिंह, शिरीन अख्तर, सुनील महतो, राजा राम प्रसाद, बिरू सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

No comments:
Post a Comment