- बोसेन सिद्धू और सुनीता सिद्धू अब भी लापता, तेज बहाव और बारिश के बीच ग्रामीण चला रहे खोज अभियान
Guwa (Sandeep Gupta) सारंडा के छोटानागरा थाना अंतर्गत बहदा गांव में रविवार देर शाम कुइली पहाड़ी नदी में हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। नदी की तेज जलधारा में बहे तीन ग्रामीणों में से बहदा गांव के मुंडा रोया सिद्धू की मां का शव घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर नदी में झाड़ियों में फंसा हुआ बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना के बाद गांव में मातम और गहरा गया है। ग्रामीणों के अनुसार, लगातार चलाए जा रहे खोज अभियान के दौरान झाड़ियों में महिला का शव दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने नदी में उतरकर शव को बाहर निकाला। हादसे के बाद से ग्रामीण लगातार नदी के आसपास लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। इस हादसे में बहकर लापता हुए मुंडा रोया सिद्धू के पिता बोसेन सिद्धू तथा बहदा गांव के बामिया सिद्धू की पत्नी सुनीता सिद्धू का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
ग्रामीण दोनों की तलाश में जुटे हैं। नदी में तेज बहाव, अंधेरा और लगातार हो रही बारिश के कारण खोज अभियान में काफी परेशानी हो रही है।बताया गया कि तीनों ग्रामीण रविवार को एक ग्रामीण के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद नदी पार कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी क्षेत्र से अचानक भारी मात्रा में पानी आने के कारण कुइली नदी का जलस्तर बढ़ गया और बहाव तेज हो गया। देखते ही देखते तीनों ग्रामीण पानी की तेज धार में बह गए। एक महिला का शव मिलने के बाद अब ग्रामीणों की नजरें नदी की ओर टिकी हुई हैं। सभी लोग बोसेन सिद्धू और सुनीता सिद्धू के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। वहीं, लगातार बारिश और तेज बहाव के बीच लापता दोनों ग्रामीणों की तलाश करना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
No comments:
Post a Comment