Guwa (Sandeep Gupta) गुवा सेल के खदान क्षेत्र के माइनिंग विभाग में कार्यरत सेल एग्जीक्यूटिव ऑफिसर दिवेंदू दास (32) की शनिवार को हार्ट अटैक से अचानक मौत हो गई। घटना के बाद सेल प्रबंधन, अधिकारियों, कर्मचारियों और गुवा क्षेत्र में शोक की लहर है। सेल अधिकारियों के अनुसार, 15 अगस्त को सेल प्रबंधन की ओर से सेल के फुटबॉल मैदान में फुटबॉल खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसमें दिवेंदू दास ने भी फुटबॉल मैच में हिस्सा लिया। मैच खेलने के बाद उन्होंने करीब आधे घंटे तक मैदान में आराम किया। इसके बाद वह पैदल अपने घर की ओर लौट रहे थे।
कुछ दूर जाने के बाद अचानक वह सड़क पर गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही सीआईएसएफ जवानों ने उन्हें तत्काल गुवा सेल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना उनकी पत्नी को दी गई, जिसके बाद वह अस्पताल पहुंचीं। सेल अधिकारियों ने बताया कि दिवेंदू दास की नियुक्ति आसनसोल से गुवा सेल में हुई थी और यहां सेवा करते हुए उन्हें करीब दो वर्ष ही हुआ था।
उनकी शादी को भी लगभग एक वर्ष ही हुआ था। अचानक हुई इस घटना से सेल के माइनिंग विभाग समेत पूरे गुवा क्षेत्र में मातम का माहौल है। अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवेंदू दास के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।


No comments:
Post a Comment