Guwa (Sandeep Gupta) मंगलवार सुबह से लगातार हुई बारिश के कारण गुवा सेल खदान के जीरो पॉइंट क्षेत्र में जलजमाव हो गया। पानी भरने से वहां स्थित कार्यालय और कार्यक्षेत्र में काम करना सेल कर्मियों एवं ठेका श्रमिकों के लिए मुश्किल हो गया। समस्या को लेकर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ (जेएमएसएस) के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे के नेतृत्व में सेलकर्मियों और ठेका श्रमिकों ने करीब दो घंटे तक उत्पादन कार्य ठप रखा। करीब एक घंटे तक उत्पादन प्रभावित रहने के बाद सेल के सीजीएम चंद्र भूषण कुमार, एचआर महाप्रबंधक प्रवीण कुमार, माइंस मैनेजर डीजीएम मिलन नंदी तथा जीरो पॉइंट के एचओडी आरके सिन्हा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने यूनियन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर समस्या पर चर्चा की।
यूनियन केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने कहा कि प्रत्येक बारिश के मौसम में जीरो पॉइंट कार्यस्थल पर पानी भर जाता है। इससे मजदूरों को जोखिम के बीच काम करना पड़ता है। कार्यालय में भी पानी भर जाने से परेशानी होती है। कार्यक्षेत्र में कीचड़ के कारण फिसलकर दुर्घटना होने के साथ बिजली का करंट लगने का खतरा भी बना रहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि डोजर की स्थिति खराब होने के बावजूद कर्मचारियों पर काम करने का दबाव बनाया जाता है, जिससे गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
यूनियन ने मांग की कि जीरो पॉइंट से हटकर सुरक्षित स्थान पर मजदूरों के आराम के लिए तीन शेड और कार्यालय की व्यवस्था की जाए। इस पर सीजीएम चंद्र भूषण कुमार ने आश्वासन दिया कि वैकल्पिक स्थान पर मजदूरों के लिए तीन शेड एवं कार्यालय निर्माण का कार्य एक सप्ताह के अंदर शुरू कर दिया जाएगा। आश्वासन के बाद मजदूरों ने आंदोलन वापस ले लिया और उत्पादन कार्य पुनः शुरू हो गया।



No comments:
Post a Comment