Guwa (Sandeep Gupta) गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर करमपदा क्षेत्र के ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधा के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली। मंगलवार को करमपदा में नए स्वास्थ्य भवन के निर्माण के लिए विधिवत भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। भूमि पूजन कार्यक्रम में नोवामुंड़ी भाग एक जिला परिषद सदस्य सुश्री देवकी कुमारी, मुखिया लिपि मुंडा, मुखिया पार्वती किड़ो, ग्राम मुंडा राहुल नायक, राजेश मुंडा, सहिया सुमती देवी, लाली देवी और अमृता देवी समेत कई ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य भवन के निर्माण को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए खुशी जताई। भूमि पूजन के बाद जिला परिषद सदस्य सुश्री देवकी कुमारी ने ग्रामीणों के साथ बैठक की।उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य भवन का निर्माण पूरा होने के बाद करमपदा और आसपास के गांवों के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर एवं सुलभ चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
इलाज के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की परेशानी भी कम होगी। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि स्वास्थ्य भवन का निर्माण कार्य हर हाल में पूरा कराया जाएगा तथा स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी। बैठक में ग्रामीणों ने नल-जल व्यवस्था और खराब पड़े डीप बोरिंग का मुद्दा भी उठाया। ग्रामीणों ने बताया कि डीप बोरिंग खराब होने से पेयजल की समस्या उत्पन्न हो रही है। इस पर देवकी कुमारी ने आश्वासन दिया कि वर्षा ऋतु समाप्त होने के बाद खराब पड़े सभी डीप बोरिंग की मरम्मत कराकर उन्हें चालू कराया जाएगा। स्वास्थ्य भवन के निर्माण से ग्रामीणों में उम्मीद जगी है। उनका कहना है कि केंद्र शुरू होने के बाद दूरस्थ गांवों के लोगों को समय पर स्थानीय स्तर पर उपचार की सुविधा मिल सकेगी।


No comments:
Post a Comment