- विस्फोटक सामग्री की आशंका को लेकर चारपहिया और दोपहिया वाहनों की जांच, डिक्की खोलकर भी ली गई तलाशी
Guwa (Sandeep Gupta) गुवा बाजार में मंगलवार देर शाम को गुवा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान रेलवे मार्केट और गुवा बाजार में आने-जाने वाले चारपहिया एवं दोपहिया वाहनों की जांच की गई। पुलिस ने वाहनों में रखे सामानों की बारीकी से तलाशी ली, ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री के परिवहन की आशंका को दूर किया जा सके। जांच अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने चारपहिया वाहनों की डिक्की खुलवाकर सामानों की जांच की। वहीं, वाहन चालकों की भी तलाशी ली गई। मोटरसाइकिल समेत अन्य वाहनों में रखे सामानों की भी जांच की गई।
हालांकि, इस दौरान हेलमेट और वाहन से संबंधित कागजात की जांच पर विशेष ध्यान नहीं दिया गया। पुलिस का मुख्य जोर वाहनों में रखे सामानों की तलाशी पर रहा। बाजार क्षेत्र में अचानक चलाए गए इस सघन जांच अभियान से वाहन चालकों के बीच हलचल देखी गई। पुलिसकर्मी आने-जाने वाले वाहनों को रोककर उनकी जांच कर रहे थे। अभियान का उद्देश्य संदिग्ध वस्तुओं की आवाजाही पर नजर रखना और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना था।


No comments:
Post a Comment