Guwa (Sandeep Gupta) गुवा क्षेत्र अंतर्गत दुइया गांव में स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के तहत फुटबॉल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में आसपास के विभिन्न गांवों की पुरुष एवं महिला टीमों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं में खेल प्रतिभा को निखारना, खेल भावना को प्रोत्साहित करना तथा आपसी भाईचारे को मजबूत करना था। पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में छोटा जाम कुंडिया की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया, जबकि रोवाम की टीम उपविजेता रही।
मुकाबला काफी रोमांचक रहा और दोनों टीमों ने अनुशासित खेल का प्रदर्शन किया। वहीं महिला वर्ग में मेजबान दुईया की टीम विजेता बनी तथा सलाई की टीम को उपविजेता स्थान प्राप्त हुआ। महिला खिलाड़ियों के उत्साह और कौशल ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेल गुवा के सीजीएम सी.बी. कुमार ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही विभिन्न खेल कुद प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को भी पुरस्कृतकया गया।
उन्होंने कहा कि खेल से शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है तथा ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सेल निरंतर प्रयासरत है। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार, महाप्रबंधक आर.के. बंगा, महाप्रबंधक (सीएसआर) अनिल कुमार, डीजीएम सुमन कुमार सहित विभिन्न गांवों के मुंडा, मुखिया एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





































No comments:
Post a Comment