Guwa (Sandeep Gupta) रविवार देर शाम गुवा के योग नगर स्थित श्री श्री बसंती दुर्गा मां की प्रतिमा का श्रद्धालुओं ने गाजे-बाजे के साथ भव्य विसर्जन किया। प्रतिमा को गुवा बाजार स्थित कारो नदी के कुसुम घाट में विधि-विधान के साथ विसर्जित किया गया। इस दौरान गुवा पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा और पूरे कार्यक्रम में मौजूद रहा। प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा योग नगर से निकलकर प्रीपेड कॉलोनी, गुवासाई, कल्याण नगर, भट्टीसाई, विवेक नगर, कच्छी धौड़ा, रेलवे मार्केट, रामनगर और गुवा बाजार होते हुए कुसुम घाट पहुंची।
पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक रहा। विसर्जन के दौरान श्रद्धालु डीजे की धुन पर भक्ति गीतों में सराबोर होकर नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे। माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। इससे पूर्व महिलाओं ने पारंपरिक सिंदूर खेला का आयोजन किया और मां दुर्गा की प्रतिमा को सिंदूर अर्पित कर भावभीनी विदाई दी। विसर्जन यात्रा के दौरान रास्ते भर लोग अपने-अपने घरों से निकलकर मां दुर्गा के दर्शन करते हुए नमन करते नजर आए। पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।


No comments:
Post a Comment