Guwa (Sandeep Gupta) गुवा के रामनगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक के पीछे वर्कर्स कम्युनिटी हॉल में रविवार देर शाम को संयुक्त यूनियनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें एमडीओ (माइन डेवलपर एंड ऑपरेटर) व्यवस्था के विरोध को लेकर रणनीति बनाई गई। इस बैठक में झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन, बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन (इंटक), झारखंड मुक्ति मोर्चा यूनियन एवं सप्लाई मजदूर संघ के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में मजदूर शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि गुवा सेल खदान में सेल प्रबंधन द्वारा एमडीओ लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जो मजदूरों के हितों के खिलाफ है।
इससे स्थानीय मजदूरों की नौकरी और अधिकारों पर सीधा असर पड़ेगा। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि संयुक्त यूनियन इस फैसले का पुरजोर विरोध करती है और इसे किसी भी कीमत पर लागू नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रबंधन अपने निर्णय पर अड़ा रहा, तो सभी यूनियन मिलकर आंदोलन को तेज करेंगी और जरूरत पड़ने पर आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।
बैठक में उपस्थित अन्य यूनियन पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी मजदूरों से एकजुट रहने का आह्वान किया और संघर्ष के लिए तैयार रहने को कहा। मौके पर रामा पांडे, विश्वजीत तांती, पंचम जॉर्ज सोय, विद्याकांत झा, जिप सदस्य देवकी कुमारी, पूर्व मुखिया नूतन सुंडी, समाजसेवी नाजीर खान, अंतरयामी महाकुड़, चंद्रिका खंडाईत, पदमा केसरी सहित बड़ी संख्या में ठेका मजदूर एवं सेल कर्मी उपस्थित थे।


No comments:
Post a Comment