Guwa (Sandeep Gupta) आरसीसी चर्च गुवा में ईसाई समुदाय के लोगों ने खजूर पर्व (पाम संडे) श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर सुबह से ही चर्च परिसर में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ख्रीस्त विश्वासियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के तहत होली फैमिली स्कूल के सामने सभी श्रद्धालु अपने-अपने हाथों में खजूर की डालियां लेकर एकत्रित हुए। इसके बाद प्रभु यीशु मसीह के यरूशलेम आगमन की स्मृति में एक भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में शामिल लोगों ने भजन-कीर्तन करते हुए प्रभु की महिमा का गुणगान किया और शांति व प्रेम का संदेश दिया।
इस दौरान चर्च के सहायक पल्ली पुरोहित फादर पास्कल भुइया ने खजूर पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिन प्रभु यीशु के यरूशलेम में विजयी प्रवेश की याद दिलाता है। उन्होंने बताया कि यह पर्व हमें विनम्रता, सेवा और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
अंत में सभी ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दी और समाज में भाईचारा व सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया। मौके पर राजू समद, थोबियस डुंगडुंग, ओलिवर तिर्की, मार्गरेट तिर्की, दीपिका लकड़ा,हाबिल आइंद, निर्मला लकड़ा, मोना ग्रांट,अलबर्ट डाहांगा सहित ईसाई समुदाय के लोग मौजूद थे।



No comments:
Post a Comment