Guwa (Sandeep Gupta) गुवा के पश्चिमी पंचायत भवन में पश्चिमी पंचायत की मुखिया पद्मिनी लागुरी द्वारा स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भष्मीकरण यंत्र (इंसिनरेटर) स्थापित कर लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को भष्मीकरण यंत्र के उपयोग, महत्व और इसकी विशेषताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मुखिया पद्मिनी लागुरी ने बताया कि भष्मीकरण यंत्र एक ऐसा उपकरण है, जिसका उपयोग कचरे, जैविक अपशिष्ट, अस्पताल के मेडिकल वेस्ट, मृत पशुओं के अवशेष तथा अन्य ज्वलनशील पदार्थों को उच्च तापमान पर जलाकर नष्ट करने के लिए किया जाता है। इससे कचरे का सुरक्षित निपटान संभव होता है और पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने में मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि इस यंत्र के उपयोग से आसपास गंदगी कम होगी, संक्रमण फैलने की संभावना घटेगी तथा कचरा प्रबंधन की व्यवस्था अधिक प्रभावी बनेगी। साथ ही ग्रामीणों से स्वच्छता बनाए रखने, कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को भष्मीकरण यंत्र की कार्यप्रणाली एवं उससे होने वाले लाभों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने भी स्वच्छ एवं स्वस्थ पंचायत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। यह पहल स्वच्छ गांव और बेहतर पर्यावरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


No comments:
Post a Comment