Guwa (Sandeep Gupta) गुवा सेल अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं एवं बायोमेट्रिक प्रणाली के विरोध को लेकर शुक्रवार देर शाम गुवा रेलवे मार्केट स्थित झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन कार्यालय में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेलकर्मियों, ठेका मजदूरों, सफाई कर्मियों तथा आसपास के ग्रामीणों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने की। बैठक को संबोधित करते हुए रामा पांडे ने आरोप लगाया कि सेल प्रबंधन मजदूरों का शोषण कर रहा है, जिसे यूनियन किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि गुवा सेल अस्पताल में कई बुनियादी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं, जिनका शीघ्र समाधान आवश्यक है।
बैठक में अस्पताल से संबंधित विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। इनमें विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, अस्पताल परिसर एवं शौचालयों की नियमित सफाई, मरीजों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता में सुधार, मधुमेह रोगियों के लिए अलग पौष्टिक आहार की व्यवस्था तथा नए एक्स-रे मशीन की स्थापना शामिल हैं। इसके अलावा मलेरिया से बचाव के लिए मजदूर आवासों में डीडीटी का छिड़काव, फॉगिंग मशीन के माध्यम से मच्छरों एवं लार्वा के प्रजनन पर नियंत्रण तथा बायोमेट्रिक प्रणाली को लागू नहीं करने की मांग भी रखी गई।
यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसी क्रम में झारखंड मजदूर संघर्ष संघ ने आगामी सोमवार को शाम 4 बजे गुवा सेल अस्पताल का घेराव कर विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है। बैठक में उपस्थित मजदूरों और ग्रामीणों ने आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।


No comments:
Post a Comment