Guwa (Sandeep Gupta) बड़ाजामदा से गुवा जाने वाले रेल मार्ग पर पोल संख्या 3907जी/8जी के समीप रविवार को रेल पटरी किनारे एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने शव पड़े होने की सूचना बड़ाजामदा पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई। जांच के दौरान मृतक की पहचान अशोक कुमार गिरी (पिता – भागो गिरी) के रूप में हुई। वह ओडिशा के मयूरभंज जिला अंतर्गत घाघरबेड़ा थाना क्षेत्र के नक्सरा गांव का निवासी था। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला ट्रेन की चपेट में आने से हुई दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि यह हादसा शनिवार का बताया जा रहा है तथा इसकी सूचना पुलिस को रविवार दोपहर करीब 12 बजे मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच-पड़ताल की और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने पंचनामा की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक किन परिस्थितियों में रेल पटरी तक पहुंचा और हादसा कैसे हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

No comments:
Post a Comment