Upgrade Jharkhand News. जमशेदपुर में एक शिक्षक से 11 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। कदमा निवासी गजेंद्र वर्मा ने आरोप लगाया है कि मानगो के अशयाना अनंतरा निवासी कनिष्क कमल, जो कभी उनका छात्र रह चुका है, ने उनसे निवेश के नाम पर बड़ी रकम ले ली। पीड़ित शिक्षक के अनुसार, कनिष्क कमल ने कहा था कि वह अरुणोदय प्राइवेट कंपनी में निवेश करेगा और एक सप्ताह के भीतर 50 हजार रुपये अतिरिक्त लाभ के साथ पूरी रकम वापस कर देगा। भरोसे में आकर गजेंद्र वर्मा ने उसे 11 लाख रुपये दे दिए।
जब तय समय पर रुपये वापस नहीं मिले तो आरोपी टालमटोल करने लगा। इसके बाद पीड़ित ने जिला सिविल कोर्ट के माध्यम से लीगल नोटिस भेजा। नोटिस के बाद आरोपी ने 10 लाख रुपये का चेक दिया, लेकिन बैंक में वह चेक बाउंस हो गया। मामले को लेकर अब कोर्ट में केस दर्ज कराया गया है। पीड़ित पक्ष की ओर से अधिवक्ता मनी भूषण कुमार केस देख रहे हैं। बताया जा रहा है कि कोर्ट की ओर से कई बार नोटिस जारी कर आरोपी को पेश होने का निर्देश दिया गया, लेकिन वह अदालत में उपस्थित नहीं हुआ।
अब अदालत ने आरोपी के खिलाफ वारंट जारी कर दिया है। यदि वह फिर भी पेश नहीं होता है, तो कोर्ट की ओर से नॉन-बेलेबल वारंट भी जारी किया जा सकता है।
No comments:
Post a Comment