Jamshedpur (Nagendra) देश की एकता और अखंडता के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले प्रखर राष्ट्रवादी विचारक, महान शिक्षाविद् एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 73वीं पुण्यतिथि मंगलवार को “बलिदान दिवस” के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर एग्रिको ट्रांसपोर्ट मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित भव्य प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन किया गया। कार्यक्रम में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो सहित भाजपा के कई नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। प्रदर्शनी में केंद्र सरकार द्वारा पिछले 12 वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को चित्रों और दस्तावेजों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। गरीब कल्याण, महिलाओं के सशक्तिकरण, किसानों के उत्थान, युवाओं के रोजगार और बुनियादी ढांचे के विकास के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं । रघुवर दास ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनके विचार आज भी राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का 12 वर्षों का कार्यकाल विश्वास, विकास और जनसेवा के प्रति समर्पित रहा है तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।

No comments:
Post a Comment