Upgrade Jharkhand News. प्राइड मंथ के अवसर पर 28 जून को जमशेदपुर में "जमशेदपुर प्राइड जलसा 2026" का आयोजन किया गया। जमशेदपुर क्वियर सर्किल, पीपल फॉर चेंज, आधार सेवा संस्थान एवं कला मंदिर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्राइड वॉक का उद्देश्य LGBTQIA+ समुदाय के अधिकारों, सम्मान एवं सामाजिक स्वीकृति के प्रति जनजागरूकता फैलाना था। रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3250 की गवर्नर-इलेक्ट अनु नारंग ने साकची स्थित सुपर सेंटर से जुबिली पार्क गेट संख्या-2 तक आयोजित प्राइड वॉक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर LGBTQIA+ समुदाय के सदस्यों, उनके समर्थकों, विद्यार्थियों, परिवारों तथा रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट के सदस्यों सहित 100 से अधिक प्रतिभागियों ने रंग-बिरंगे झंडों और जागरूकता संबंधी नारों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में सहायक गवर्नर (2026-27) रोटेरियन नीता अग्रवाल, डिस्ट्रिक्ट चेयर अल्पा पारिख, रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट के अध्यक्ष रोटेरियन अशोक झा, प्रेसिडेंट-इलेक्ट गुरप्रीत भाटिया, सेक्रेटरी-इलेक्ट ऋषि चंद्रानी, रोटेरियन सीमा तिवारी तथा जमशेदपुर क्वियर सर्किल के संस्थापक सौविक साहा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे। किन्नर समुदाय के सदस्यों ने भी इसमें सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने ट्रांसजेंडर पर्सन्स (संशोधन) विधेयक, 2026 पर अपने विचार व्यक्त करते हुए व्यापक परामर्श की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विरोध के बजाय संवाद, एकता और समावेशिता को आगे बढ़ाने की अपील की।
आयोजकों ने कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने के लिए मीडिया एवं सभी सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर आयोजकों ने कहा, "प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, समान अवसर और अपनी पहचान के साथ गरिमापूर्ण जीवन जीने का अधिकार है।"


No comments:
Post a Comment