Guwa (Sandeep Gupta) नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत बड़ाजामदा क्षेत्र के खास जामदा बस्ती में बुधवार को श्री बालाजी इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग लिमिटेड की ओर से नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 90 से 95 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के दौरान कई लोगों में शुगर, फाइलेरिया, दाद-खाज, पेट संबंधी समस्याएं तथा अन्य सामान्य बीमारियों के लक्षण पाए गए। सभी जरूरतमंद मरीजों को कंपनी की ओर से नि:शुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
शिविर में स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. आर. आर. मिश्रा ने ग्रामीणों को वर्षा ऋतु में होने वाली बीमारियों से बचाव, व्यक्तिगत एवं आसपास की स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित पोषण अपनाने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि समय पर बीमारी की पहचान और उपचार से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है। इस अवसर पर कंपनी की ओर से डॉ. राजीव रंजन मिश्रा, कंपाउंडर मनीष कुमार तथा पदाधिकारी टुन्नू पांडे सहित अन्य कर्मी सक्रिय रूप से मौजूद रहे और शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कंपनी ने बताया कि इस चिकित्सा शिविर का मुख्य उद्देश्य दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है। ऐसे शिविरों से छोटी-छोटी बीमारियों की समय रहते पहचान और उपचार संभव हो पाता है, जिससे गंभीर बीमारियों का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की मांग की।



No comments:
Post a Comment